बक्सर/वाराणसी । बक्सर जिले के मंझरिया गांव की बहू तनुजा सिंह (28) की संदिग्ध मौत के मामले में उत्तर प्रदेश के वाराणसी पुलिस ने सेना के जवान पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मृतका के मायके पक्ष ने पति पर दूसरी महिला से कथित अवैध संबंध रखने, प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र के रामपुर मोहल्ले की है, जहां रविवार की शाम सेना के जवान सत्येंद्र कुमार सिंह उर्फ अनु की पत्नी तनुजा सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंचे मृतका के भाई मनु सिंह ने अपने जीजा सहित ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, सत्येंद्र कुमार सिंह मूल रूप से बक्सर जिले के मंझरिया गांव के निवासी हैं। उनके पिता शेषनारायण सिंह पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त दरोगा हैं और पिछले करीब दो दशकों से वाराणसी में रह रहे हैं। सत्येंद्र वर्तमान में भारतीय सेना की मेडिकल कोर में भटिंडा में तैनात हैं। उनकी शादी वर्ष 2017 में भोजपुर जिले के चौरी थाना क्षेत्र के विशंभरपुर गांव निवासी तनुजा सिंह से हुई थी। दंपती का एक तीन वर्षीय पुत्र भी है।
मृतका के भाई मनु सिंह ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ वर्षों बाद से ही उसकी बहन को पति, सास, ससुर, जेठ, जेठानी और ननद द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जाता था। पति अक्सर उसके साथ मारपीट करता था और इसकी जानकारी तनुजा फोन, फोटो तथा वीडियो के माध्यम से परिवार को देती थी।
परिजनों का आरोप है कि जून माह में भटिंडा में तैनाती के दौरान पति ने तनुजा को फिनाइल पिलाने का भी प्रयास किया था। साथ ही उस पर आत्महत्या के लिए उकसाने का भी आरोप लगाया गया है। मनु सिंह का दावा है कि उसकी बहन ने बताया था कि उसके पति का एक संपन्न महिला से कथित अवैध संबंध था, जिसके कारण उसे प्रताड़ित किया जा रहा था।
मृतका के भाई ने यह भी आरोप लगाया कि घटना से एक दिन पहले उसकी बहन के मोबाइल से फोन आया था, लेकिन वह कॉल रिसीव नहीं कर सका। बाद में उसी नंबर पर फोन करने पर जेठानी ने बताया कि तनुजा वहां नहीं है। इसके अगले दिन शाम को ससुर ने फोन कर उसकी मौत की सूचना दी।
घटना को लेकर महिला संगठनों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं में भी आक्रोश है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















0 Comments