बक्सर । जिले के लोगों को लंबे समय से जिस बदलाव का इंतजार था, वह अब हकीकत बन गया है। बक्सर के दो सबसे व्यस्त रेलवे क्रॉसिंग—इटाढ़ी रोड स्थित पूर्वी रेलवे फाटक और चौसा रेलवे फाटक—अब इतिहास का हिस्सा बनने जा रहे हैं। बिना किसी औपचारिक उद्घाटन के ही दोनों स्थानों पर निर्मित रेल ओवरब्रिज (आरओबी) को आम जनता के लिए खोल दिया गया है।
इसी क्रम में रविवार को इटाढ़ी रोड स्थित पूर्वी रेलवे फाटक को स्थायी रूप से बंद कर दिया गया, जबकि सोमवार से चौसा रेलवे फाटक भी हमेशा के लिए बंद हो जाएगा। इसके बाद दोनों स्थानों पर वाहनों का आवागमन केवल नव-निर्मित रेल ओवरब्रिज के माध्यम से ही संभव होगा।
जानकारी के अनुसार इटाढ़ी और चौसा में बने रेल ओवरब्रिज का निर्माण कार्य हाल ही में पूरा हुआ था। उद्घाटन की तिथि तय नहीं होने के बावजूद बक्सर-आरा-मुगलसराय रेलखंड पर बढ़ते यातायात दबाव और रेलवे फाटकों पर लगने वाले लंबे जाम को देखते हुए रेलवे और जिला प्रशासन ने इन्हें तत्काल चालू करने का निर्णय लिया।
रविवार को जिला प्रशासन की मौजूदगी में इटाढ़ी रेलवे फाटक को वेल्डिंग बैरिकेड लगाकर पूरी तरह सील कर दिया गया। फाटक बंद होते ही लोगों ने नए ओवरब्रिज का उपयोग शुरू कर दिया। अब इस मार्ग से गुजरने वाले सभी छोटे-बड़े वाहन आरओबी के रास्ते ही आवागमन करेंगे।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ओवरब्रिज बनने के बाद रेलवे फाटक को चालू रखने की आवश्यकता नहीं रह जाती। फाटक बंद होने से ट्रेनों की गति बढ़ाने में सहायता मिलेगी, दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी तथा रेलवे के संचालन खर्च में भी कमी आएगी।
गौरतलब है कि इटाढ़ी रेलवे गुमटी पर प्रतिदिन 40 से अधिक बार फाटक बंद होता था, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती थीं। कई बार एंबुलेंस, स्कूल बसों और आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
हालांकि नए आरओबी के शुरू होने से शहरवासियों को जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन सर्विस लेन और आसपास के मोहल्लों के कुछ लोगों को ओवरब्रिज तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ सकती है। इसके बावजूद अधिकांश लोगों ने इस बदलाव का स्वागत किया है और इसे जिले के विकास तथा बेहतर यातायात व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम बताया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार नई व्यवस्था से सड़क और रेल दोनों यातायात अधिक सुरक्षित, तेज और व्यवस्थित होंगे। इसका लाभ आने वाले समय में हजारों यात्रियों, स्थानीय नागरिकों और व्यापारिक गतिविधियों को मिलेगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments