बक्सर । राजपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत इटाढ़ी प्रखंड के चिलहर गांव स्थित खेल मैदान में युवा क्रिकेट क्लब, चिलहर द्वारा आयोजित नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार की रात बैरी और महदह टीम के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और ग्रामीण मैदान में जुटे रहे।
फाइनल मैच में बैरी की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी महदह की टीम बैरी के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम मात्र 48 रन पर सिमट गई। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी बैरी की टीम ने पांच विकेट खोकर 49 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया और टूर्नामेंट की विजेता शील्ड पर कब्जा जमा लिया।
टूर्नामेंट का उद्घाटन बिहार सरकार के पूर्व परिवहन मंत्री एवं वर्तमान राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला ने बतौर मुख्य अतिथि किया। इस अवसर पर संदेश विधायक राधाचरण सेठ, जदयू नेता जितेंद्र सिंह, टूना राम, राघवेंद्र उज्जैन, डॉ. ए.के. सिंह, मुखिया संघ अध्यक्ष मुत्रा चौबे, पैक्स अध्यक्ष संटू सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक एवं छात्र जदयू नेता उत्तम सिंह ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र और फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है तथा खेल के प्रति उनकी रुचि बढ़ती है।
मुख्य अतिथि संतोष कुमार निराला ने खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेल से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने युवाओं से खेल के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने का आह्वान किया तथा आयोजन समिति को सफल प्रतियोगिता के लिए बधाई दी।
मुकाबले के समापन पर विजेता टीम बैरी को शील्ड एवं अन्य पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं उपविजेता टीम महदह के खिलाड़ियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया। आयोजन की सफलता पर खिलाड़ियों, दर्शकों और ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखा गया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments