Ad Code

बक्सर जिला बीस सूत्री समिति की बैठक में विकास योजनाओं और जनसमस्याओं पर मंथन


बक्सर । बक्सर जिला बीस सूत्री समिति की बैठक मंगलवार को प्रभारी मंत्री नंदकिशोर राम की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले के विकास कार्यों, जनहित से जुड़े मुद्दों तथा पूर्व में उठाए गए विषयों के अनुपालन की समीक्षा की गई। साथ ही विभिन्न नई समस्याओं और विकास योजनाओं पर गंभीरता से चर्चा हुई।

बैठक में जिला बीस सूत्री समिति के निवर्तमान अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष विजय कुमार सिंह उर्फ भोला सिंह सहित सभी सदस्य उपस्थित रहे। जिला बीस सूत्री समिति के सदस्य एवं भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष सौरभ तिवारी ने प्रभारी मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने जिले के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक के दौरान सौरभ तिवारी ने जिले की विभिन्न समस्याओं को मजबूती से उठाया। उन्होंने कहा कि चिलहरी में पावर सब स्टेशन स्थापित होने के बावजूद गांव के कई हिस्से अब भी बिजली की समुचित सुविधा से वंचित हैं। वहीं नगर के सिविल लाइंस मोहल्ला स्थित वार्ड संख्या 31 में खदान स्थल को सामुदायिक पार्क के रूप में विकसित करने की मांग की गई।



बैठक में बक्सर नगर के भगत सिंह चौक के समीप लगने वाली फल मंडी को बाजार समिति परिसर में स्थानांतरित कर व्यवस्थित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। सदस्यों ने कहा कि वर्तमान स्थल के आसपास दो छात्रा विद्यालय और एसबीआई की मुख्य शाखा होने के कारण यातायात अव्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी समस्याएं उत्पन्न होती हैं।

इसके अलावा महर्षि विश्वामित्र पार्क के शिलान्यास और भूमि पूजन के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं होने का मुद्दा उठाया गया। नगर के विभिन्न मोहल्लों में घरों की छतों के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के विद्युत तारों को सुरक्षित ढंग से व्यवस्थित करने की भी मांग की गई।

बैठक में बक्सर-सिकरौल नहर पथ पर नुआंव से सिकरौल तक उखाड़ी गई सड़क के कारण लोगों को हो रही परेशानियों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। किसानों को उनकी भूमि के अनुपात में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा गया कि बड़े किसानों को भी सीमित मात्रा में ही खाद मिल रही है।







सदस्यों ने रघुनाथपुर-बगेन रोड से केनरा बैंक होते हुए मास्टर टोला तक लगभग दो किलोमीटर नई सड़क निर्माण, एकरासी-ओझा बरांव वीर कुंवर सिंह पथ से पोखरहा टोला, महादेव सिंह टोला होते हुए कैथी और मठियापुर गांव तक सड़क निर्माण एवं कालीकरण, तथा मसरिहा नहर और ओझा बरांव नहर से कैथी तक नहर कटाई कराने की मांग भी रखी।

बैठक में बक्सर जिले के सभी मठ-मंदिरों के लिए समिति गठन, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर चापाकल लगाने तथा अन्य जनहित के मुद्दों पर भी चर्चा की गई। वहीं पूर्व में खलासी मोहल्ला स्थित सामुदायिक भवन को वृद्धाश्रम में परिवर्तित करने के प्रस्ताव पर चर्चा करते हुए मंत्री ने इसकी समीक्षा कर वृद्धाश्रम को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की बात कही।

बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया तथा जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान पर बल दिया।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu