बक्सर । नगर पंचायत चौसा स्थित आदर्श उच्च विद्यालय के जर्जर भवन के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि विकास राज के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री से मुलाकात की। इस दौरान विद्यालय की बदहाल स्थिति, छात्रों की सुरक्षा और शैक्षणिक व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया।
प्रतिनिधिमंडल की ओर से विकास राज ने शिक्षा मंत्री को बताया कि आदर्श उच्च विद्यालय का भवन काफी पुराना और जर्जर हो चुका है। भवन की स्थिति ऐसी है कि छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की सुरक्षा पर हमेशा खतरा बना रहता है। विशेष रूप से बरसात के मौसम में भवन की हालत और चिंताजनक हो जाती है, जिससे नियमित शिक्षण कार्य भी प्रभावित होता है।
ज्ञापन में मांग की गई कि विद्यालय भवन का तकनीकी निरीक्षण कराकर जर्जर संरचना को अविलंब ध्वस्त किया जाए तथा उसकी जगह आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नया भवन बनाया जाए। साथ ही पर्याप्त कक्षाओं, पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशाला, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और अन्य आवश्यक शैक्षणिक सुविधाओं का विकास सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
मुलाकात के दौरान शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे शीघ्र ही चौसा का दौरा कर विद्यालय का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग को डीपीआर (विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन) तैयार करने के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि पुनर्निर्माण कार्य को जल्द से जल्द प्रारंभ कराया जा सके।
शिक्षा मंत्री के इस आश्वासन के बाद क्षेत्र के अभिभावकों, छात्र-छात्राओं और स्थानीय नागरिकों में खुशी का माहौल है। लोगों ने उम्मीद जताई है कि सरकार विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए जल्द सकारात्मक पहल करेगी और आदर्श उच्च विद्यालय को नया, सुरक्षित एवं आधुनिक भवन उपलब्ध कराया जाएगा।
विकास राज ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास की आधारशिला है। ऐसे में विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यालय के पुनर्निर्माण की मांग पर सकारात्मक पहल के लिए शिक्षा मंत्री का आभार भी व्यक्त किया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments