बक्सर । बिहार में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। जूट के बोरों के बीच छिपाकर विदेशी शराब की बड़ी खेप बिहार में खपाने की तस्करों की योजना उत्पाद विभाग की सतर्कता के कारण विफल हो गई। विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 20.5 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद की है तथा दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि मंगलवार की सुबह वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट के ऊपरी पुल पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक डीसीएम ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। प्रभारी निरीक्षक मद्यनिषेध कुंदन कुमार के नेतृत्व में जांच कर रही टीम को ट्रक में संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी, जिसके बाद स्कैनर मशीन से वाहन की जांच की गई।
स्कैनर जांच के दौरान ट्रक में छिपाई गई सामग्री का पता चला। जब वाहन की गहन तलाशी ली गई तो जूट के बोरों के बीच बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। तस्करों ने शराब को इस तरह छिपाकर रखा था कि सामान्य जांच में किसी को संदेह न हो, लेकिन तकनीकी जांच ने उनकी पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने बताया कि शराब की खेप हरियाणा से लाई जा रही थी और इसे भागलपुर पहुंचाया जाना था। पुलिस की नजर से बचने के लिए शराब की पेटियों को जूट के बोरों के बीच छिपाकर रखा गया था।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के साधपुर थाना क्षेत्र के गिलोह गांव निवासी राहुल सिंह तथा हरियाणा के गुरुग्राम जिले के बिलासपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बहोड़ा कला निवासी सचिन यादव के रूप में हुई है।
उत्पाद विभाग ने दोनों आरोपितों के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। विभाग इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और शराब खेप के अंतिम गंतव्य तक पहुंचने वाले संपर्कों की भी जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments