Ad Code

पेपर लीक के खिलाफ सड़क पर उतरे आइसा-आरवाईए कार्यकर्ता, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का फूंका पुतला, इस्तीफे की मांग


बक्सर । लगातार हो रहे पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ आइसा एवं आरवाईए (रिवोल्यूशनरी यूथ एसोसिएशन) के कार्यकर्ताओं ने रविवार को नया थाना के समीप विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पेपर लीक मामलों के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए उनका पुतला दहन किया और इस्तीफे की मांग की।



विरोध कार्यक्रम का संचालन आरवाईए नेता सुरेंद्र प्रसाद ने किया, जबकि अध्यक्षता अरविंद यादव और प्रभात कुमार ने की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक, भर्ती घोटालों और बेरोजगारी के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया।

सभा को संबोधित करते हुए आरवाईए नेता एवं अंबेडकर विचार मंच के अध्यक्ष बाबूलाल राम ने कहा कि देश का युवा बढ़ती बेरोजगारी, नौकरियों में कमी और प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं के कारण लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, पेपर लीक, भर्ती घोटालों और शिक्षा व्यवस्था की बदहाली से त्रस्त नौजवान अब चुप नहीं बैठेंगे। बाबूलाल राम ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पेपर लीक माफियाओं पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।






वक्ताओं ने बताया कि आइसा और आरवाईए के राष्ट्रीय आह्वान पर 6 और 7 जून को देशभर में शिक्षा मंत्री के खिलाफ विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रहेगा।

पुतला दहन कार्यक्रम में आरवाईए नेता धनई राम, सर्वेश कुमार पांडेय, रिंकू कुरैशी, छात्र नेता बंटी पटेल समेत कई कार्यकर्ता शामिल रहे। इसके अलावा माले के राज्य कमेटी नेता धर्मेंद्र यादव, कृष्णा राम, सुरेश यादव, जाबिर, शंकर तिवारी, भगवान दास सहित अन्य लोगों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि पेपर लीक और बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार ठोस कदम नहीं उठाती है तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu