Ad Code

डुमरांव स्टेशन पर रेल सुविधाओं को लेकर 14 जून को होगा धरना, महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की उठेगी मांग


बक्सर । रेलयात्री कल्याण समिति शाखा डुमरांव की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को केंद्रीय समिति के वरिष्ठ सदस्य डॉ. एस. के. सैनी के आवास पर आयोजित की गई। बैठक में 14 जून 2026 को डुमरांव रेलवे स्टेशन पर प्रस्तावित एकदिवसीय धरना कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता डॉ. एस. के. सैनी ने की, जबकि संचालन रामबाबू कुशवाहा ने किया। इस अवसर पर समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष बिजेंद्र यादव, केंद्रीय समिति के सदस्य रासबिहारी राय एवं भुवर सिद्दीकी विशेष रूप से उपस्थित रहे।



बैठक में धरना कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एक तैयारी समिति का गठन किया गया। सर्वसम्मति से डॉ. एस. के. सैनी को समिति का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं मुन्ना यादव को कार्यकारी अध्यक्ष तथा छोटे सिंह, भुवर सिद्दीकी, रामजी प्रसाद, योगेश जी एवं श्याम जी को आयोजन समिति का सदस्य बनाया गया।

बैठक में डुमरांव स्टेशन की मूलभूत सुविधाओं, विभिन्न महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव एवं रेल यात्रियों की समस्याओं को लेकर एक विस्तृत मांग पत्र तैयार करने का निर्णय लिया गया। मांगों में प्रमुख रूप से पटना-मथुरा-कोटा एक्सप्रेस के नियमित ठहराव के साथ-साथ पटना-कुर्ला एक्सप्रेस, संघमित्रा एक्सप्रेस, जनसाधारण एक्सप्रेस तथा पूर्वा एक्सप्रेस के डुमरांव स्टेशन पर ठहराव की मांग शामिल है।

इसके अलावा दानापुर रेल मंडल के सभी स्टेशनों पर यात्रियों की मूलभूत सुविधाओं की बहाली एवं पैसेंजर ट्रेनों का समयानुसार परिचालन सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई जाएगी।







बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि इन मांगों को लेकर 14 जून को सुबह 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक डुमरांव रेलवे स्टेशन पर विशाल एकदिवसीय धरना आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रेल यात्रियों की समस्याओं के समाधान तक आंदोलन चरणबद्ध तरीके से विभिन्न स्टेशनों पर जारी रहेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि धरना के माध्यम से बक्सर के इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज में उद्घाटन से पूर्व आई दरार एवं उसके बाद परिचालन बंद किए जाने के मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग भी रेल मंत्रालय से की जाएगी।

बैठक में प्रेम प्रकाश पांडेय, हरे राम ठाकुर, मनोज कुमार चौबे, विश्वेश्वर ठाकुर, रवींद्र तिवारी, सुधांशु भगत सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu