बक्सर । इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के एक हिस्से के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही शनिवार को जिला पदाधिकारी ने बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के कार्यपालक अभियंता एवं रेलवे अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन पुल का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यपालक अभियंता को तत्काल पुल के सभी तकनीकी अवयवों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से पुल पर किसी भी प्रकार की यातायात गतिविधि को अगले आदेश तक प्रतिबंधित रखा जाएगा।
पुल के उद्घाटन को लेकर मीडिया में चल रही खबरों पर स्पष्टीकरण देते हुए बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के कार्यपालक अभियंता ने कहा कि इटाढ़ी आरओबी का अभी उद्घाटन नहीं हुआ है तथा यह पुल अभी निर्माणाधीन अवस्था में है।
उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संबंधित संवेदक (ठेकेदार) के विरुद्ध संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
वहीं आम लोगों की आवाजाही में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जिला पदाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी को वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से यातायात का संचालन शीघ्र शुरू कराने का निर्देश दिया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पुल की तकनीकी जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments