Ad Code

राजपुर की महिला सीओ के कथित वायरल ऑडियो से मचा हड़कंप, राजस्व कर्मचारी को भद्दी गालियां देने का आरोप,कर्मचारी संघ ने की निष्पक्ष जांच की मांग



बक्सर । राजपुर अंचल कार्यालय से जुड़ा एक कथित वायरल ऑडियो इन दिनों जिले के प्रशासनिक महकमे में चर्चा का विषय बना हुआ है। राजपुर की अंचल पदाधिकारी (सीओ) शोभा कुमारी पर अपने अधीनस्थ राजस्व कर्मचारी अभिषेक कुमार के साथ टेलीफोन पर कथित रूप से अभद्र भाषा और गाली-गलौज करने का आरोप लगा है। मामले को लेकर पीड़ित राजस्व कर्मी के साथ कर्मचारी संघ ने जिला पदाधिकारी से निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।



जानकारी के अनुसार किसी सरकारी कार्य के निष्पादन को लेकर सीओ और राजस्व कर्मचारी के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। आरोप है कि बातचीत के दौरान सीओ ने अपना आपा खोते हुए कर्मचारी के साथ असंसदीय और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया। राजस्व कर्मचारी अभिषेक कुमार का कहना है कि वह अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन कर रहा था, लेकिन कार्य से संबंधित चर्चा के दौरान उसके साथ अनुचित व्यवहार किया गया।

सूत्रों के अनुसार, बातचीत की एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सामने आई है, जिसके वायरल होने की चर्चा के बाद कर्मचारियों के बीच नाराजगी बढ़ गई है। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि प्रशासनिक व्यवस्था में अधिकारी और कर्मचारी के बीच संवाद सम्मानजनक एवं मर्यादित होना चाहिए। उनका मानना है कि किसी भी परिस्थिति में गाली-गलौज या असंसदीय भाषा का प्रयोग प्रशासनिक गरिमा और सेवा आचरण नियमों के अनुरूप नहीं है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि राजस्व कार्यों को लेकर अंचल कार्यालय में विवाद और बहस की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। ऐसे में इस मामले ने एक बार फिर प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।







हालांकि, अंचल पदाधिकारी शोभा कुमारी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि वायरल हो रही ऑडियो में उनकी आवाज नहीं है और उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।

वहीं, इस मामले पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि यदि इस तरह की कोई घटना हुई है तो उसकी जांच कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।

फिलहाल पूरे मामले की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी, लेकिन कथित वायरल ऑडियो को लेकर प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का बाजार गर्म है और कर्मचारी संगठन निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़े हुए हैं।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu