Ad Code

बलिया–आरा रेल मार्ग को रघुनाथपुर से जोड़ने की मांग तेज, सभी दलों के विधायक हुए एकजुट, डुमराँव विधायक राहुल सिंह, MLA आनन्द मिश्रा के बाद ब्रह्मपुर विधायक शंभूनाथ यादव ने रेलमंत्री को भेजा प्रस्ताव


बक्सर । बलिया–जगजीवन हाल्ट–आरा प्रस्तावित रेल मार्ग के एलाइनमेंट को बदलकर बलिया–रघुनाथपुर–आरा किए जाने की मांग अब राजनीतिक और जनस्तर पर जोर पकड़ने लगी है। पहले डुमरांव के जदयू विधायक राहुल कुमार सिंह ने रेल मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा, इसके बाद बक्सर सदर के भाजपा विधायक आनन्द मिश्रा ने रेलमंत्री को पत्र लिखा। वहीं अब राजद के ब्रह्मपुर विधायक शंभूनाथ यादव ने भी इस मुद्दे को जनहित से जुड़ा बताते हुए रेल मंत्रालय को अपना प्रस्ताव भेज दिया है। इसके अलावा बक्सर सांसद सुधाकर सिंह ने भी इस संबंध में अपनी अनुशंसा भेजी है।

दरअसल, एक RTI के जवाब में रेलवे ने स्पष्ट किया था कि इस रेल मार्ग को लेकर किसी सांसद या विधायक की ओर से औपचारिक प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ था। इसी कारण अब तक न तो एलाइनमेंट तय किया गया और न ही फिजिबिलिटी सर्वे की प्रक्रिया आगे बढ़ सकी। इसके बाद सामाजिक कार्यकर्ता शैलेश ओझा ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर रेल मंत्रालय को प्रस्ताव भेजने का आग्रह किया।


क्षेत्रीय सामाजिक कार्यकर्ताओं तरुण, अभय, ऋषि जायसवाल, अजय उपाध्याय, शंभू चंद्रवंशी और विंध्याचल शाही समेत अन्य लोगों का कहना है कि यदि रेल लाइन रघुनाथपुर होकर गुजरती है तो भोजपुर, बक्सर और दियारा क्षेत्र के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा तथा कम लागत में अधिक प्रभावी रेल संपर्क स्थापित किया जा सकेगा।

वर्तमान में प्रस्तावित बलिया–जगजीवन हाल्ट–आरा रेल मार्ग की केवल सर्वे रिपोर्ट तैयार हुई है, जबकि DPR अब तक नहीं बनी है। सर्वे रिपोर्ट में कई स्थानों पर दलदली भूमि होने के कारण तकनीकी और आर्थिक कठिनाइयों की आशंका जताई गई है। जनप्रतिनिधियों ने अपने प्रस्ताव में कहा है कि रघुनाथपुर एलाइनमेंट अपनाने से रेल मार्ग की दूरी करीब 61 किलोमीटर से घटकर लगभग 35 किलोमीटर रह जाएगी, जिससे परियोजना की लागत और निर्माण अवधि दोनों में भारी कमी आएगी।

प्रस्तावित नए एलाइनमेंट के तहत बलिया से आने वाली ट्रेनें रघुनाथपुर, बनाही, बिहिया और कारीसाथ होते हुए आरा पहुंच सकेंगी। इससे हजारों गांवों को सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही रघुनाथपुर–टुड़ीगंज–डुमरांव होकर बक्सर दिशा में भी रेल संपर्क मजबूत होगा, जिससे शिक्षा, व्यापार, पर्यटन और आवागमन को बढ़ावा मिलेगा।



विधायकों ने अपने पत्र में रघुनाथपुर क्षेत्र को धार्मिक, ऐतिहासिक और औद्योगिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि गोस्वामी तुलसीदास के प्रवास और रामचरितमानस रचना से इस क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान जुड़ी हुई है। वहीं बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ धाम और बलिया स्थित बाबा भृगुनाथ धाम के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी बनने से धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि अमृत भारत योजना के तहत रघुनाथपुर क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है। यहां लगभग 500 करोड़ रुपये की जेके सीमेंट परियोजना, नवानगर SEZ और करीब 1200 करोड़ रुपये के कोका-कोला प्लांट के कारण औद्योगिक गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में यह रेल संपर्क बिहार और पूर्वांचल के बीच व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा कर सकता है।

क्षेत्रीय लोगों ने रेल मंत्रालय से मांग की है कि जनभावनाओं और क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए बलिया–रघुनाथपुर–आरा एलाइनमेंट पर गंभीरता से विचार किया जाए।






................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu