राजधानी पटना में बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई बिहार कैबिनेट बैठक में 27 एजेंडों पर मुहर लगाई गई। इसी क्रम में बक्सर संसदीय क्षेत्र अंतर्गत बिहार स्टेट हाईवे प्रोजेक्ट-IV (BSHP-IV) के तहत 982.58 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई। कुल 80.728 किलोमीटर लंबी सड़क परियोजना को मंजूरी मिलने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। समर्थकों और स्थानीय लोगों ने इसे बक्सर के विकास की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए सांसद सुधाकर सिंह के प्रयासों की सराहना की है।
बक्सर के राजद सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि ब्रह्मपुर-कोरानसराय-इटाढ़ी-सरेंजा (महावीर स्थान) तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर उन्होंने लोकसभा में प्रमुखता से सवाल उठाया था। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता वर्षों से इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना की मांग कर रही थी और आज बिहार कैबिनेट द्वारा इसे स्वीकृति मिलना जनता के संघर्ष और आवाज की जीत है।
सांसद ने कहा कि यह सड़क परियोजना क्षेत्र के विकास, बेहतर आवागमन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगी। हालांकि उन्होंने बिहार सरकार से यह भी मांग की कि इस सड़क परियोजना को ब्रह्मपुर से आगे बढ़ाकर नैनिजोर होते हुए बक्सर-कोइलवर मार्ग तक जोड़ा जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।
सुधाकर सिंह ने कहा कि नैनिजोर तक सड़क निर्माण पूर्ण कराने तथा इस मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) में परिवर्तित कराने तक उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं को लेकर वे आगे भी मजबूती से आवाज उठाते रहेंगे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments