बक्सर । जिले का ऐतिहासिक किला मैदान मंगलवार को महर्षि विश्वामित्र सामूहिक विवाह महोत्सव की भव्यता का साक्षी बना। शाही अंदाज में आयोजित इस दो दिवसीय समारोह में 21 जरूरतमंद बेटियों का विवाह पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया। आयोजन की भव्यता, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और उमड़ी भारी भीड़ ने पूरे शहर को उत्सवमय बना दिया।
मंगलवार की शाम किला मैदान से 21 सफेद रंग की लग्जरियस कारों के काफिले के साथ भव्य बारात निकाली गई। बारात में सबसे आगे बैंड-बाजा, डीजे और ढोल-नगाड़ों की गूंज रही। इसके पीछे भोजपुरी जगत के सुपरस्टार गायक एवं अभिनेता अरविंद अकेला ‘कल्लू’ तथा महोत्सव के संयोजक ओम जी यादव ओपन गाड़ी पर सवार होकर लोगों का अभिवादन कर रहे थे।
भव्य बारात किला मैदान से निकलकर वीर कुंवर सिंह चौक, रामरेखा घाट रोड, पीपी रोड, ठठेरी बाजार और मेन रोड होते हुए पुनः किला मैदान पहुंची। पूरे रास्ते लोगों की भारी भीड़ बारात देखने उमड़ पड़ी। जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर बारात का स्वागत किया।
किला मैदान स्थित रामलीला मंच पर आकर्षक विवाह मंडप बनाया गया था, जहां 21 नवविवाहित जोड़ों का विवाह पूरे रीति-रिवाज और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न कराया गया। वर-वधु को आशीर्वाद देने के लिए जिले समेत आसपास के कई जिलों से भी गणमान्य लोग पहुंचे थे।
समारोह के दौरान विशाल सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। जिसमें सुपरस्टार रितेश पांडेय,अंकुश राजा,अशोक मिश्रा,विनय मिश्रा,अरविंद अकेला कल्लू,लिटिल स्टार आर्यन बाबू,गायिका अनुपमा यादव,शिवानी सिंह सहित भोजपुरी जगत के कई चर्चित गायक, अभिनेता और कलाकारों ने मंच से प्रस्तुति देकर देर रात तक लोगों का मनोरंजन किया। पूरा किला मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहा।
किला मैदान के समीप स्थित गोयल धर्मशाला में हल्दी और मेहंदी की रस्म अदा की गई। वहीं विशाल महाभंडारे का आयोजन भी हुआ, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
दो दिवसीय समारोह के पहले दिन किला मैदान में 24 घंटे का अखंड हरिकीर्तन आयोजित किया गया। इसके बाद शाम चार बजे रक्तदान शिविर लगाया गया, जिसमें अरविंद अकेला ‘कल्लू’ सहित कुल 55 लोगों ने रक्तदान किया। देर शाम आयोजित देवी जागरण कार्यक्रम में बनारस और प्रयागराज के कलाकारों ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
आयोजन समिति के अध्यक्ष ओमजी यादव ने बताया कि नवविवाहित जोड़ों को पलंग, बक्सा, अलमारी, सिलाई मशीन, मोबाइल फोन, बर्तन, कपड़े और अन्य घरेलू उपयोग की सामग्री उपहार स्वरूप प्रदान की गई। ओम जी यादव ने कहा कि समाज के सभी वर्गों के सहयोग से यह आयोजन ऐतिहासिक रूप से सफल हुआ है। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष ठंड के मौसम में और भी अधिक भव्यता के साथ 51 जरूरतमंद बेटियों का विवाह कराया जाएगा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments