Ad Code

बक्सर को मिली 982.58 करोड़ की बड़ी सौगात, मिथिलेश तिवारी ने जताया मुख्यमंत्री का आभार, बोलें- बक्सर की 4 लाख जनता का कर्ज विकास से चुकाऊंगा



पटना । बिहार स्टेट हाईवे प्रोजेक्ट-IV (BSHP-IV) के अंतर्गत बक्सर जिले की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को बिहार कैबिनेट से मंजूरी मिलने पर बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे बक्सर सहित पूरे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक सौगात बताया है।

कैबिनेट द्वारा ब्रह्मपुर–कोरान सराय–इटाढ़ी–बक्सर पथ एवं उजियारपुर–कुकराहा–जमुहा–इंदौर–समदा पथ की कुल 80.728 किलोमीटर लंबी सड़क परियोजनाओं के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य के लिए 982.58 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।




शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में आधारभूत संरचना का अभूतपूर्व विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना बक्सर जिले के आर्थिक, सामाजिक और व्यापारिक विकास को नई दिशा देगी। साथ ही उन्होंने पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र एवं राज्य मंत्रिपरिषद का भी आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा, “बक्सर की करीब 4 लाख जनता ने जो स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद मुझे दिया है, उसका कर्ज मैं विकास कार्यों के माध्यम से चुकाने के लिए सदैव तत्पर हूं। जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही मेरा संकल्प है।”

मंत्री ने कहा कि वर्षों से क्षेत्र के लोग बेहतर सड़क संपर्क की मांग कर रहे थे। अब कैबिनेट की स्वीकृति मिलने के बाद ब्रह्मपुर, कोरान सराय, इटाढ़ी और बक्सर समेत आसपास के क्षेत्रों के लोगों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।





उन्होंने कहा कि इस परियोजना से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सहूलियत होगी, व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी तथा छात्रों एवं आम नागरिकों के लिए यात्रा आसान होगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

मिथिलेश तिवारी ने कहा कि बिहार सरकार गांव से लेकर शहर तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आने वाले समय में बक्सर विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।

उन्होंने कहा, “जनता का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। मैं क्षेत्र की हर समस्या के समाधान एवं विकास के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहूंगा।” अंत में उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को विशेष धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व में बिहार विकास और सुशासन के नए युग की ओर अग्रसर है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu