पांडेयपट्टी में देर रात दबिश, मुफस्सिल थाने में घंटों चली पूछताछ
हत्या, आर्म्स एक्ट समेत कई मामलों में पहले से दर्ज हैं केस
बक्सर । पश्चिम बंगाल के चर्चित पीए हत्याकांड की जांच की आंच अब बिहार के बक्सर तक पहुंच गई है। मामले की तह तक जाने में जुटी पश्चिम बंगाल एसटीएफ की टीम ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पांडेयपट्टी में देर रात छापेमारी कर हिस्ट्रीशीटर विशाल श्रीवास्तव को हिरासत में लिया। कार्रवाई के बाद इलाके में देर रात तक हलचल बनी रही।
जानकारी के अनुसार, विशाल श्रीवास्तव के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में हत्या, आर्म्स एक्ट, मारपीट समेत करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस सूत्रों की मानें तो पश्चिम बंगाल के चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में उससे महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है। इसी सिलसिले में एसटीएफ की टीम उसे अपने साथ लेकर पूछताछ कर रही है।
हालांकि बक्सर पुलिस ने आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया है कि विशाल श्रीवास्तव को सीधे चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में ही उठाया गया है या किसी अन्य इनपुट के आधार पर कार्रवाई की गई है। उसे पहले मुफस्सिल थाने लाया गया, जहां घंटों पूछताछ चली।
इधर मामले में नया अपडेट सामने आया है। पुलिस ने दो अन्य युवकों को भी हिरासत में लिया है, जिन्हें टीम अपने साथ लेकर चली गई। जबकि विशाल श्रीवास्तव को फिलहाल मुफस्सिल थाने में ही रखा गया है। थाना प्रभारी शम्भूनाथ भगत ने बताया कि विशाल श्रीवास्तव को जल्द ही छोड़ दिया जाएगा।
मुफस्सिल थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि विशाल को किस मामले में हिरासत में लिया गया है, इसकी स्पष्ट जानकारी पश्चिम बंगाल पुलिस ही दे सकती है। फिलहाल पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस कुछ भी खुलकर बताने से बच रही है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments