बक्सर । नया भोजपुर थाना क्षेत्र में मटन और बकरा व्यवसायी से हुई छह लाख रुपये की सनसनीखेज लूटकांड का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि पीड़ित का करीबी परिचित ही पूरे लूटकांड का मास्टरमाइंड निकला। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से एक लाख रुपये नकद बरामद किए हैं, जबकि तीन अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
सोमवार को नया भोजपुर थाने में आयोजित प्रेस वार्ता में पोलस्त कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान बड़की सारिमपुर निवासी जियाउल इस्लाम के रूप में हुई है। वह पीड़ित राजा कुरैशी का करीबी परिचित था और उसी ने अपराधियों को कारोबारी की गतिविधियों, नकदी और लोकेशन की जानकारी देकर घटना को अंजाम दिलाया।
पुलिस के अनुसार बकरीद को लेकर राजा कुरैशी बकरों की खरीदारी के लिए छह लाख रुपये लेकर बक्सर आया था। उसके साथ जियाउल इस्लाम भी मौजूद था। जांच में सामने आया कि वापसी के दौरान जियाउल ने अपने संपर्क में मौजूद अपराधियों को सूचना दे दी। इसके बाद नया भोजपुर सब्जी मंडी के पास समोसे की दुकान पर बैठे राजा कुरैशी से बाइक सवार तीन अपराधियों ने हथियार के बल पर छह लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए।
घटना के बाद एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान जब पीड़ित लगातार बयान बदलने लगा तो पुलिस को शक हुआ। तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ी और जियाउल इस्लाम की भूमिका संदिग्ध पाई गई। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने पूरी साजिश कबूल कर ली।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक लाख रुपये बरामद किए हैं। वहीं फरार तीन अन्य अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी कर शेष रकम और हथियार भी बरामद कर लिए जाएंगे। इस उपलब्धि में पुलिस इंस्पेक्टर अरविंद कुमार, नया भोजपुर थानाध्यक्ष चन्दन कुमार,अपर थानाध्यक्ष सुमन कुमार,कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार सहित अन्य पुलिस कर्मियों की भूमिका सराहनीय रही।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments