पटना । शाहाबाद क्षेत्र की समृद्ध कला एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा भोजपुरी भाषा की नारदी विधा के दिवंगत गायक गायत्री ठाकुर के नाम पर संगीत प्रशिक्षण केंद्र खोलने की मांग को लेकर एक शिष्टमंडल ने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार पद्म भूषण रामबहादुर राय को ज्ञापन सौंपा।
रामबहादुर राय विश्व संवाद केंद्र के एक कार्यक्रम में शामिल होने पटना पहुंचे थे। इस दौरान जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के पूर्व शोधार्थी एवं सामाजिक कार्यकर्ता, बक्सर जिले के एकौना गांव निवासी डॉ सूर्यभान राय ने दीघा विधायक डॉ संजीव चौरसिया के नेतृत्व में उन्हें विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में 1857 की क्रांति के महानायक वीर कुंवर सिंह, किसान आंदोलन के अगुआ स्वामी सहजानंद सरस्वती तथा पश्चिम बंगाल के संन्यासी विद्रोह के नायक भवानी पाठक का उल्लेख करते हुए आजादी की लड़ाई में शाहाबाद क्षेत्र के ग्रामीणों की ऐतिहासिक भूमिका को रेखांकित किया गया।
साथ ही बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति मंत्रालय से पूर्वांचल समेत बक्सर, भोजपुर और आसपास के क्षेत्रों की पारंपरिक सुजनी कला तथा छठ महापर्व में उपयोग होने वाले बरुआ निर्मित रंगीन दउरा बनाने की कला को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने की मांग की गई।
ज्ञापन में बक्सर जिले के सिमरी, इकौना, गंगोली, डुमरी, नैनीजोर समेत दियारा क्षेत्र तथा भोजपुर के बरिसवन गांव स्थित उन मठों के संरक्षण की मांग भी उठाई गई, जो कभी किसान आंदोलन के प्रमुख केंद्र रहे हैं।
इसके अलावा भोजपुरी की नारदी विधा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से दिवंगत गायक गायत्री ठाकुर के नाम पर बक्सर के सिमरी प्रखंड में संगीत प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई।
शिष्टमंडल में डॉ सूर्यभान राय के अलावा पुष्पेंद्र राय, कुंदन शर्मा, भाजपा नेता प्रफुल्ल तिवारी, जदयू युवा नेता डॉ संदीप ठाकुर, डॉ गजेंद्र पाठक आजाद, धर्मेंद्र पांडेय, आनंद प्रधान, पप्पू वर्मा, प्रभाकर राय समेत कई गणमान्य लोग शामिल थे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments