Ad Code

भोजपुरी साहित्य के शिखर पुरुष डॉ. भारवि पर ऐतिहासिक शोध सम्पन्न



बक्सर । वीर कुंअर सिंह विश्वविद्यालय, आरा के भोजपुरी विभाग में सोमवार को भोजपुरी साहित्य जगत के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण दर्ज हुआ, जब शोधार्थी राजेश कुमार आदित्य के पी-एच.डी. शोधप्रबंध “डॉ. अरुण मोहन भारवि के रचना संसार” पर मौखिकी परीक्षा सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। यह शोध भोजपुरी साहित्य के प्रख्यात साहित्यकार डॉ. अरुण मोहन भारवि के समग्र साहित्यिक अवदान पर केंद्रित एक महत्वपूर्ण अकादमिक कार्य माना जा रहा है।

इस अवसर पर भोजपुरी विभागाध्यक्ष प्रो. दिवाकर पाण्डेय, शोध निर्देशिका डॉ. उषा रानी, प्रो. सिद्धार्थ शंकर सहित स्वयं डॉ. अरुण मोहन भारवि की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। कार्यक्रम में कथाकार कृष्ण कुमार, प्रो. नीरज सिंह, डॉ. कौशल्या शर्मा समेत विभाग के अनेक शोधार्थियों ने भी सहभागिता की।



शोध परीक्षक प्रो. जंग बहादुर पांडेय ने अपने प्रतिवेदन में कहा कि यह शोधप्रबंध भोजपुरी कथा साहित्य के सशक्त हस्ताक्षर डॉ. भारवि की साहित्य-साधना पर आधारित एक मौलिक, प्रामाणिक और गंभीर अकादमिक कृति है। उन्होंने शोधार्थी द्वारा प्रस्तुत विश्लेषण को सूक्ष्म, सम्यक और शोधपरक बताते हुए इसकी सराहना की।

शोधप्रबंध को सात सुव्यवस्थित अध्यायों में विभाजित किया गया है। इसमें डॉ. भारवि के व्यक्तित्व एवं कृतित्व, कथा साहित्य, संपादन-कला, फुटकर रचनाओं तथा साहित्यिक विशेषताओं का गहन विश्लेषण प्रस्तुत किया गया है। अंतिम अध्याय में शोध निष्कर्षों को क्रमबद्ध रूप में प्रतिपादित किया गया है। वहीं परिशिष्ट में विभिन्न साहित्यकारों के साक्षात्कारों को शामिल कर शोध की प्रामाणिकता को और अधिक सुदृढ़ बनाया गया है।



भोजपुरी विभाग के विद्वानों के अनुसार, डॉ. अरुण मोहन भारवि के समग्र साहित्य पर यह शोध भोजपुरी साहित्य अध्ययन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण और मौलिक योगदान सिद्ध होगा। ज्येष्ठ मास में सम्पन्न इस मौखिकी को शोधार्थी राजेश कुमार आदित्य और डॉ. भारवि—दोनों के लिए एक विशेष उपलब्धि माना जा रहा है।

इस उपलब्धि पर भोजपुरी साहित्य मंडल के महासचिव डॉ. वैरागी प्रभाष चतुर्वेदी, सचिव अमरेंद्र दूबे, प्रचार सचिव कौशल शर्मा सहित अनेक साहित्यकारों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भोजपुरी विभाग को बधाई एवं साधुवाद प्रेषित किया है।






................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu