बक्सर । बक्सर-पटना फोरलेन (NH-922) पर मंगलवार की सुबह हुए एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के कुआंवन गांव के समीप करीब 8 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों की पहचान भोजपुर जिले के कारनामेपुर थाना क्षेत्र के लालू डेरा गांव निवासी 25 वर्षीय मुन्ना पासवान और 20 वर्षीय गणेश पासवान के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई थे। बताया जा रहा है कि दोनों अपनी बहन नेहा की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने के लिए ब्रह्मपुर जा रहे थे। परिवार में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। 03 मई को तिलक और 07 मई को विवाह तय था। लेकिन इस हादसे ने खुशियों भरे माहौल को पलभर में मातम में बदल दिया।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों का आरोप है कि पास स्थित जेके सुपर सीमेंट फैक्ट्री के कारण फोरलेन पर 24 घंटे भारी ट्रकों की बेतरतीब पार्किंग रहती है, जिससे आए दिन हादसे होते हैं। ग्रामीणों ने इसे फैक्ट्री प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन की लापरवाही बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे बक्सर-पटना फोरलेन पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ब्रह्मपुर थाना पुलिस के साथ आसपास के चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
प्रखंड विकास पदाधिकारी सोनू कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर ओमप्रकाश और थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जाम हटाया जा सका और यातायात बहाल हुआ।
इधर, हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में कुछ दिनों बाद शहनाई बजनी थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। मां-बाप के सामने जवान बेटों की मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करता है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments