Ad Code

इटाढ़ी में फर्जीवाड़े के आरोप में पैरामेडिकल संस्थान पर प्रशासन का शिकंजा, सदर SDM ने किया सील


बक्सर । जिले के इटाढ़ी प्रखंड कार्यालय के समीप मेन रोड स्थित “पाल पैरामेडिकल इंस्टिट्यूट एंड एडी ग्रुप ऑफ एजुकेशन” पर मंगलवार को प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए संस्थान को सील कर दिया। सदर एसडीएम अविनाश कुमार ने दलबल के साथ छापेमारी कर फर्जीवाड़े की शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को विस्तृत जांच के निर्देश दिए।



बताया जाता है कि यह संस्थान पहले भी विवादों में रह चुका है। करीब दो वर्ष पूर्व नालंदा, गया, सासाराम सहित यूपी-बिहार के विभिन्न जिलों से आए छात्रों ने संस्थान के संचालक धनजी पाल पर डिग्री दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया था। उस समय मामला मीडिया में भी सुर्खियों में रहा था। आरोप है कि कार्रवाई के बाद संचालक कुछ समय के लिए फरार हो गया था, लेकिन मामला ठंडा पड़ते ही दोबारा उसी तरह का धंधा शुरू कर दिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि संस्थान लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त था, बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी। संचालक धनजी पाल अपने नाम के आगे “डॉक्टर” लिखकर खुद को संस्थान का डायरेक्टर बताता है और युवाओं को स्वास्थ्य विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देता था।





आरोप है कि संस्थान द्वारा ANM, GNM, DMLT, B.Sc Nursing, D.Pharma, B.Pharma, ड्रेसर, BPT, CMS ED, BAMS, BHMS, BDS जैसे कोर्सों के सर्टिफिकेट दिलाने का दावा किया जाता था। इसके अलावा रूस, यूक्रेन और नेपाल जैसे देशों से MBBS और MD की डिग्री दिलाने का भी प्रचार-प्रसार किया जा रहा था, जिसके पोस्टर और बैनर इटाढ़ी बाजार में लगाए गए थे।

सदर एसडीएम अविनाश कुमार ने बताया कि जिले में अवैध संस्थानों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में इटाढ़ी में कार्रवाई करते हुए संस्थान को सील किया गया है और पूरे मामले की गहन जांच के आदेश दिए गए हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।






................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu