बक्सर । जिले में शिक्षा के नाम पर चल रहे अवैध कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए इटाढ़ी में एक एजुकेशन सेंटर पर बड़ी कार्रवाई की है. एसडीएम और एसडीपीओ की संयुक्त छापेमारी में संस्थान का अवैध संचालन उजागर होने के साथ आपत्तिजनक दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं. इसके बाद केंद्र को सील कर पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं.
प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 अप्रैल 2026 को एसडीएम अविनाश कुमार एवं एसडीपीओ गौरव पांडेय द्वारा प्रखंड इटाढ़ी में निरीक्षण के दौरान बक्सर-इटाढ़ी मुख्य मार्ग पर स्थित ए०डी० ग्रुप ऑफ एजुकेशन पर अचानक छापेमारी की गई. जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि संस्थान बिना वैध अनुमति के संचालित हो रहा था. साथ ही परिसर से कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज भी मिले, जिससे मामला और गंभीर हो गया.
तत्काल कार्रवाई करते हुए अंचल कार्यालय इटाढ़ी के राजस्व कर्मचारी अजय कुमार श्रीवास्तव को दण्डाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है. उन्हें निर्देश दिया गया है कि संस्थान में रखी सभी सामग्रियों की सूची तैयार कर उन्हें अपनी अभिरक्षा में लें और इसकी रिपोर्ट अनुमंडल कार्यालय को उपलब्ध कराएं. सूची तैयार होने के बाद संस्थान को विधिवत सील कर दिया गया, ताकि आगे की जांच निष्पक्ष तरीके से की जा सके.
वहीं, थानाध्यक्ष इटाढ़ी को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि सीलिंग की प्रक्रिया के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहें. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी से भी अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है.
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और जिले में संचालित अन्य संदिग्ध एजुकेशन सेंटरों की भी जांच की जाएगी. इस सख्ती के बाद स्पष्ट संकेत है कि नियमों की अनदेखी कर शिक्षा के नाम पर गड़बड़ी करने वालों पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और ऐसे मामलों में अब कड़ी कार्रवाई तय है.
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments