Ad Code

वीके ग्लोबल हॉस्पिटल में प्रसव के बाद महिला की मौत पर बवाल, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप



बक्सर । नगर के गोलम्बर स्थित वीके ग्लोबल अस्पताल में इलाज के दौरान एक गर्भवती महिला की मौत के बाद सोमवार देर शाम जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं अस्पताल प्रबंधन ने महिला की हालत पहले से गंभीर होने की बात कहते हुए हरसंभव प्रयास करने का दावा किया है।



मिली जानकारी के अनुसार बाबा नगर निवासी पवन मिश्रा की 25 वर्षीय पत्नी आभा मिश्रा को प्रसव के लिए सोमवार को एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। वहां महिला चिकित्सक की देखरेख में उन्होंने एक शिशु को जन्म दिया। प्रसव के कुछ ही समय बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई।

स्थिति गंभीर होने पर शाम करीब 7:15 बजे आभा मिश्रा को बेहतर इलाज के लिए वीके ग्लोबल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया। हालांकि इलाज के दौरान उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई।

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे और अस्पताल परिसर में हंगामा करने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि डॉक्टरों की लापरवाही के कारण महिला की जान गई है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।



सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

वहीं, अस्पताल के निदेशक डॉ. वी. के. सिंह ने बताया कि महिला को दूसरे नर्सिंग होम से बेहद गंभीर स्थिति में लाया गया था। इमरजेंसी सुविधा के तहत तुरंत इलाज शुरू किया गया और चिकित्सकों ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।






................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu