Ad Code

निजी कोष से सड़क की मरम्मत: डुमराँव में विधायक राहुल सिंह ने पेश की जनसेवा की मिसाल



बक्सर । डुमराँव-बिक्रमगंज मुख्य मार्ग NH-120 की जर्जर हालत से परेशान राहगीरों को सोमवार को बड़ी राहत मिली, जब जदयू विधायक राहुल सिंह ने अपने निजी खर्च से सड़क मरम्मत का काम शुरू कराया।

विधायक के निर्देश पर सड़क पर बने गड्ढों में मिक्स गिट्टी भरकर जलजमाव को खत्म करने का कार्य कराया गया। यह काम विधायक प्रतिनिधि रंजीत सिंह उर्फ फुड्डू सिंह की देखरेख में जेसीबी मशीन से किया गया।




प्रतिनिधि ने बताया कि यह मरम्मत कार्य किसी सरकारी योजना या फंड से नहीं, बल्कि विधायक के निजी कोष से कराया गया है। पहले चरण में डुमराँव कृषि कॉलेज मोड़ और पेट्रोल पंप के पास गड्ढों को भरकर आवागमन को सुचारू बनाया गया।

उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा के लिए निजी संसाधनों का उपयोग करना विधायक राहुल सिंह के लिए नई बात नहीं है। इससे पहले भी उनके परिवार द्वारा कई गांवों को सड़क से जोड़ने का काम किया जा चुका है। करीब दो साल पहले उनके पैतृक गांव धरौली से सोवां गांव तक लगभग ढाई किलोमीटर लंबी सड़क जमीन खरीदकर निजी खर्च से बनवाई गई थी, जिससे दर्जनों गांवों को लाभ मिल रहा है।




रंजीत सिंह ने बताया कि डुमराँव के मुख्य मार्ग के स्थायी समाधान के लिए विधायक लगातार प्रयासरत हैं। विधानसभा चुनाव से पहले सड़क मरम्मत का टेंडर पास हुआ था, लेकिन पर्याप्त राशि नहीं मिलने के कारण निर्माण एजेंसी समय पर कार्य पूरा नहीं कर सकी।

अब विधायक की मांग पर एनडीए सरकार द्वारा नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा रही है। पुराना भोजपुर चौक से डुमरेजनी मंदिर गेट तक NH-120 पर आरसीसी सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने की संभावना है। इस योजना में चौड़ी और मजबूत सड़क के साथ दोनों तरफ पाथवे, नाले, स्ट्रीट लाइट और पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण भी शामिल है।फिलहाल, तत्काल राहत के रूप में कराए गए इस कार्य से स्थानीय लोगों और राहगीरों को बड़ी सुविधा मिली है।






................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu