बक्सर । भाजपा बक्सर जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह भुवन के परिवार की स्कॉर्पियो शुक्रवार की अहले सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसा अयोध्या के समीप सुबह करीब साढ़े तीन बजे हुआ, जब परिवार के सदस्य लखनऊ से लौट रहे थे। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए, लेकिन ईश्वर की कृपा से सभी लोग सुरक्षित बच गए।
बताया जा रहा है कि वाहन में जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह भुवन मौजूद नहीं थे। स्कॉर्पियो में उनकी पत्नी, पुत्र, दो भांजे, दो भतीजे और चालक समेत कुल आठ लोग सवार थे। हादसे में सभी घायल हो गए, जिनमें बड़े भांजे का हाथ और पैर टूट गया है, जबकि पत्नी, पुत्र और भतीजों के सिर में चोट आई है।
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तत्काल अयोध्या मेडिकल हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह भुवन शुक्रवार सुबह बक्सर से अयोध्या के लिए रवाना हो गए। घटना की खबर फैलते ही शुभचिंतकों, पार्टी नेताओं और रिश्तेदारों के फोन लगातार आने लगे।
जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह भुवन ने सभी शुभचिंतकों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी दुर्घटना के बाद भी सभी लोगों का सुरक्षित बच जाना भगवान की कृपा और चमत्कार है। साथ ही उन्होंने मित्रों, सहयोगियों, रिश्तेदारों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के सहयोग के लिए धन्यवाद भी दिया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments