बक्सर । मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को बक्सर पहुंचकर भगवान वामन एवं भगवान श्रीराम से जुड़े ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने वामन भगवान मंदिर और बाबा रामेश्वरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि बक्सर के रामरेखा घाट पर प्रभु श्रीराम की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले बक्सर केंद्रीय कारा परिसर स्थित अति प्राचीन श्री वामनेश्वर नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। अधिकारियों ने वामनेश्वर धाम की प्रस्तावित विकास योजना के ले-आउट प्लान के माध्यम से मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय कारा बक्सर की निर्माणशाला में बंदियों द्वारा निर्मित हस्तशिल्प एवं अन्य सामग्रियों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया तथा मंदिर परिसर में पौधारोपण किया।
इस दौरान जिलाधिकारी श्रीमती साहिला ने मुख्यमंत्री को चरखा एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका अभिनंदन किया। बक्सर आगमन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं एवं जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री रामरेखा घाट स्थित बाबा श्री रामेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर राज्य की तरक्की एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर न्यास समिति की ओर से मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।
रामरेखा घाट के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को घाट पर हुए जीर्णोद्धार कार्यों एवं प्रस्तावित विकास योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने प्रस्तावित भगवान श्रीराम की प्रतिमा, कंट्रोल रूम, पेयजल व्यवस्था, पाथ-वे, चेंजिंग रूम तथा गंगा आरती से जुड़ी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। इसी दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि रामरेखा घाट पर प्रभु श्रीराम की विशाल एवं भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने लगभग छह करोड़ रुपये की लागत से तैयार लाइट एंड साउंड कॉम्प्लेक्स के जीर्णोद्धार कार्य तथा महर्षि विश्वामित्र मंडपम का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलापट्ट अनावरण किया। कार्यक्रम के दौरान लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से बक्सर की ऐतिहासिक, पौराणिक एवं सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की गई। कॉम्प्लेक्स में 5डी थिएटर, टिकट काउंटर, इंडोर एवं आउटडोर रेस्टोरेंट, ड्राई डेक फाउंटेन सहित कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
मुख्यमंत्री ने इसी कार्यक्रम के दौरान महाराज स्वर्गीय कमल बहादुर सिंह की प्रतिमा का भी अनावरण किया।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री नंदकिशोर राम, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, विधायक संतोष कुमार निराला, विधायक आनंद मिश्र, विधायक राहुल कुमार सिंह, विधान पार्षद सोनू कुमार राय, पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव लोकेश कुमार सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त मयंक वरवड़े, शाहाबाद प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक डॉ. सत्य प्रकाश, जिलाधिकारी साहिला, पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य सहित कई वरीय अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments