बक्सर । रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स के निरीक्षक प्रभारी कुंदन सिंह के दिशा-निर्देशन में बक्सर रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” अभियान के तहत शनिवार को विशेष निगरानी टीम ने एक झपटमार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक के पास से चोरी किया गया सोने का लॉकेट भी बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, उप निरीक्षक विजेंद्र मुवाल, सहायक उप निरीक्षक उमेश कुमार राय, आरक्षी दीपक कुमार एवं आरक्षी करण सिंह की टीम स्टेशन परिसर में गश्त कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या-3 पर खड़ी पैसेंजर ट्रेन से यात्रियों द्वारा “चोर-चोर” का शोर सुनाई दिया। तत्परता दिखाते हुए आरपीएफ टीम ने प्लेटफार्म संख्या-2 और 3 के बीच भाग रहे एक युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम चंदन कुमार (28 वर्ष), ग्राम गगोरा, थाना औद्योगिक, जिला बक्सर निवासी बताया। इसी दौरान पीछे से दौड़ते हुए पहुंचे यात्री राजेश पटेल, निवासी उजियार कुतुबपुर, थाना नरही, जिला बलिया ने बताया कि उनकी पत्नी बच्ची को गोद में लेकर ट्रेन में बैठी थीं। उसी दौरान आरोपी ने बच्ची के गले में पहना हुआ सोने का लॉकेट झपट्टा मारकर तोड़ लिया और भागने लगा।
आरपीएफ जवानों द्वारा पकड़े गए युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से एक सोने का लॉकेट बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने पैसों के लालच में चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना बक्सर के हवाले कर दिया गया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments