बक्सर । डुमरांव अनुमंडल मुख्यालय शनिवार की शाम ऐतिहासिक पल का साक्षी बना, जब लोकसभा के प्रथम सांसद एवं डुमरांव के महाराजा बहादुर कमल सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रिमोट के माध्यम से प्रतिमा का अनावरण किया, जबकि डुमरांव विधायक राहुल सिंह ने प्रतिमा से पर्दा हटाकर वर्षों से चले आ रहे इंतजार को समाप्त किया। प्रतिमा के अनावरण के साथ ही अनुमंडल परिसर जयकारों से गूंज उठा और लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।
बताया जाता है कि आजादी के बाद वर्ष 1952 में हुए पहले लोकसभा चुनाव में महाराजा बहादुर कमल सिंह शाहाबाद नॉर्थ वेस्ट सीट से जीतकर संसद पहुंचे थे। दो बार लोकसभा का प्रतिनिधित्व करने वाले महाराजा बहादुर का निधन 5 जनवरी 2020 को डुमरांव में हुआ था। निधन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री Nitish Kumar डुमरांव पहुंचे थे और उसी दौरान उन्होंने महाराजा की प्रतिमा निर्माण की घोषणा की थी।
करीब 19 लाख 29 हजार 100 रुपये की लागत से अनुमंडल परिसर में प्रतिमा का निर्माण कराया गया था, लेकिन अनावरण का मामला पिछले पांच वर्षों से लंबित था। डुमरांव विधायक राहुल सिंह ने इस मुद्दे को विधानसभा में उठाकर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया था।
अनावरण समारोह के दौरान विधायक राहुल सिंह ने महाराजा बहादुर कमल सिंह के शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके कार्य हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेंगे। उन्होंने कहा कि महाराजा बहादुर ने समाज के हर वर्ग के लिए काम किया और उनका जीवन जनसेवा के लिए समर्पित रहा।
प्रभारी मंत्री नंद किशोर राम ने कहा कि राजपरिवार से होने के बावजूद महाराजा बहादुर का आम जनता से गहरा लगाव था। उन्होंने कहा कि डुमरांव और शाहाबाद क्षेत्र के विकास में महाराजा का महत्वपूर्ण योगदान रहा है और उनके कार्यों को हमेशा याद किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों लोगों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर महाराजा बहादुर को श्रद्धांजलि अर्पित की। माल्यार्पण करने वालों में एसडीएम राकेश कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश भुवन, भाजपा नेता कतवारू सिंह, लोजपा (रामविलास) अध्यक्ष अखिलेश सिंह, राज परिवार के मान विजय सिंह, इंद्रजीत बहादुर सिंह, डॉ. सुभाष चंद्रशेखर, जदयू नेता सीताराम सिंह, भाजपा नेत्री ओम ज्योति भगत, पिंकी पाठक, राजीव रंजन सिंह, धीरज कुमार, वकील सिंह यादव, मोहन गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments