बक्सर । नगर परिषद बक्सर की सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर शुक्रवार को आयोजित चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। चुनाव में पूर्व के सभी सदस्यों पर पार्षदों ने एक बार फिर भरोसा जताया और समिति का नवीनीकरण कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर परिषद कार्यालय स्थित सभागार में निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) अविनाश कुमार की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई। चुनाव में कुल 13 पार्षदों ने भाग लिया। समिति के पांच सदस्य पदों के लिए कुल सात उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान राजू कुमार राय उर्फ झब्बू राय, दिलीप कुमार एवं अंजू सिंह को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। वहीं दो पदों के लिए मतदान कराया गया। एक पद के लिए बबन सिंह के मुकाबले चक्रवर्ती चौधरी मैदान में थे, जबकि दूसरे पद के लिए मनोज कुमार गुप्ता के खिलाफ जगदीश कुमार ने नामांकन किया था।
मतदान के बाद हुई मतगणना में बबन सिंह को 10 मत प्राप्त हुए, जबकि चक्रवर्ती चौधरी को 2 मत मिले। वहीं मनोज कुमार गुप्ता को 10 मत प्राप्त हुए, जबकि जगदीश प्रसाद को 3 मत मिले। इस प्रकार बबन सिंह एवं मनोज कुमार गुप्ता भी विजयी घोषित किए गए। इसके साथ ही समिति के पूर्व के सभी पांच सदस्यों का नवीनीकरण हो गया।
चुनाव संपन्न होने के बाद निर्वाची पदाधिकारी अविनाश कुमार ने सभी निर्वाचित सदस्यों को प्रमाण पत्र प्रदान किया। इसके उपरांत शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सभी निर्वाचित सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान जिला उप विकास आयुक्त निहारिका छवि बतौर प्रेक्षक मौजूद रहीं। इसके अलावा अन्य प्रशासनिक पदाधिकारियों ने भी चुनाव की निगरानी की।
मुख्य पार्षद प्रतिनिधि नियमतुल्ला फरीदी ने चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर सभी पार्षदों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्षदों ने पूर्व की समिति पर भरोसा जताते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है और आने वाले समय में नगर परिषद क्षेत्र के विकास को और गति दी जाएगी।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments