सीधी (मध्य प्रदेश)/बक्सर । उत्थान सामाजिक साहित्यिक संस्कृति समिति एवं मान्या संगीत एकेडमी सीधी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय ‘गांव की माटी राष्ट्रीय लोकरंग महोत्सव’ में बिहार के बक्सर जिले के युवा लोक कलाकार एवं गायक नवीन नितेश पांडेय को ‘गांव की माटी मानस कला अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया गया।
मध्यप्रदेश के सीधी जनपद के पंचायत रामपुर नैकिन अंतर्गत ग्राम अगहार स्थित शकुंतला पैलेस, हत्था (सीधी) में आयोजित महोत्सव का शुभारंभ चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर देश के 22 राज्यों से आए कलाकारों ने अपनी-अपनी लोक कलाओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
बक्सर जिले के डुमरी निवासी नवीन नितेश पांडेय को लोक संस्कृति और संगीत के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उन्होंने भोजपुरी गीतों और गजलों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। सम्मान प्राप्त करने के बाद उन्होंने कहा कि संगीत हमारी संस्कृति की आत्मा है और लोक कला हमारी विरासत है, जिसे संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
नवीन नितेश पांडेय ने बताया कि वह 12 वर्ष की आयु से ही गीत, गजल, नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुति देते आ रहे हैं। वर्ष 2014 से 2024 तक उन्होंने 100 से अधिक सांस्कृतिक महोत्सवों में भाग लिया है। साथ ही उन्होंने सैकड़ों युवाओं को हिंदी एवं भोजपुरी टीवी रियलिटी शो में भाग लेने के लिए प्रेरित और जागरूक किया है।
उन्हें इससे पहले भी कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है। इनमें 2018 का फिल्म थिएटर फेस्टिवल सम्मान, 2019 का भोजपुरी सिनेमा स्क्रीन अवार्ड, 2020 का नेशनल आर्टिस्ट यूनियन अवार्ड एवं ब्रांड एंबेसडर ऑफ बिहार सम्मान, 2021 का भिखारी ठाकुर स्मृति सम्मान, 2022 का भारत हुनर सम्मान, 2023 का परशुराम रत्न अवार्ड, 2024 का लोकरंग संगीत सम्मान तथा 2025 का वायरल सेलिब्रिटी अवार्ड, साहित्य रत्न सम्मान एवं राष्ट्रीय बाणभट्ट सम्मान प्रमुख हैं।
महोत्सव में श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रतिनिधि अमित द्विवेदी, शकुंतला पैलेस के संचालक आशुतोष शुक्ला, अनिल ट्रेडर्स, श्रमजीवी पत्रकार संघ के अध्यक्ष अखिलेश पांडेय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वक्ताओं ने लोकगीतों और लोक संस्कृति के संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में गायिका अंशिका सिंह, दिव्या द्विवेदी, करण सिंह तोमर, प्रत्यूष द्विवेदी, सृष्टि कुमारी, नव्या, नरेंद्र नागेंद्र, मोहन, ऋषभ, अभिनव, प्रकाश सहित 22 राज्यों के कलाकारों ने हिंदी, भोजपुरी, बघेली, बंगाली, असमिया, आदिवासी, टप्पा, कोल, दादरा और बिरहा जैसी विभिन्न लोक विधाओं की शानदार प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक की ब्रांड एंबेसडर मान्या ने सभी कलाकारों का स्वागत किया, जबकि जिला पंचायत समिति अध्यक्ष सीमा पांडेय ने कलाकारों को अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न एवं उपहार देकर सम्मानित किया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments