बक्सर । बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बक्सर आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शुक्रवार को जिला पदाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से चयनित स्थलों का निरीक्षण किया तथा दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को अपने-अपने कर्तव्य स्थल पर मुस्तैद रहकर विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर नो-एंट्री लागू रहेगी। इसके लिए पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय की ओर से रूट प्लान भी जारी किया गया है।
कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री किला मैदान से होते हुए वामन भगवान मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे रामरेखा घाट स्थित बाबा रामेश्वरनाथ मंदिर में भी पूजा करेंगे। इसी अवसर पर रामरेखा घाट स्थित ध्वनि एवं प्रकाश शो का उद्घाटन भी मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा।
प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि कार्यक्रम से पूर्व एएसएल कार्य हेतु विशेष शाखा के पुलिस उपाधीक्षक के साथ समन्वय स्थापित कर सभी सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली जाएं। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश के दौरान आमजनों की फ्रिस्किंग की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री अंदर प्रवेश न कर सके।
स्टैटिक सर्विलांस टीम को सभी वाहनों की जांच, भीड़ नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल को 23 मई 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से कार्यक्रम समाप्ति अथवा स्थिति सामान्य होने तक अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।
जिला नियंत्रण कक्ष बक्सर समाहरणालय परिसर स्थित जिला आपदा शाखा भवन में कार्यरत रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06183-223333 निर्धारित किया गया है। इसके संपूर्ण प्रभार में सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी कुमार नचिकेता तथा ग्रामीण विकास पदाधिकारी मोहम्मद नाजीस रहेंगे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments