Ad Code

बलिया–रघुनाथपुर रेल लाइन के समर्थन में पूर्व विधायक मुन्ना तिवारी ने रेल मंत्रालय को भेजा प्रस्ताव



बक्सर । बलिया–रघुनाथपुर प्रस्तावित रेल लाइन को लेकर क्षेत्र में जनसमर्थन लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में बक्सर सदर के पूर्व कांग्रेस विधायक संजय तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी ने भी रेल मंत्रालय को प्रस्ताव भेजकर इस महत्वपूर्ण परियोजना के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया है। इसे क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को नई मजबूती देने वाला कदम माना जा रहा है।




जानकारी के अनुसार इससे पूर्व बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह, डुमरांव के जदयू विधायक राहुल सिंह, ब्रह्मपुर के राजद विधायक शंभूनाथ यादव तथा बक्सर सदर के भाजपा विधायक आनंद मिश्रा भी अपने-अपने लेटरहेड पर रेल मंत्री को प्रस्ताव भेज चुके हैं। इनमें से कई जनप्रतिनिधियों के पत्रों पर रेल मंत्रालय की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया भी प्राप्त हुई है।

क्षेत्र के लोगों का मानना है कि लगातार जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों से मिल रहे समर्थन के कारण अब इस परियोजना के साकार होने की उम्मीद और प्रबल हो गई है। प्रस्तावित बलिया–रघुनाथपुर रेल लाइन को क्षेत्र के विकास, बेहतर आवागमन, व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार और लाखों लोगों की सुविधा से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है।






रघुनाथपुर के युवा समाजसेवी शैलेश ओझा ने पूर्व विधायक मुन्ना तिवारी द्वारा रेल मंत्रालय को भेजे गए प्रस्ताव का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों का एकजुट प्रयास इस महत्वपूर्ण रेल परियोजना को धरातल पर उतारने में सहायक साबित हो सकता है।

स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि जनप्रतिनिधियों के बढ़ते समर्थन और रेल मंत्रालय के स्तर पर हो रही पहल से बलिया–रघुनाथपुर रेल लाइन की मांग को जल्द ही सकारात्मक दिशा मिलेगी।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu