Ad Code

पिकअप की चपेट में आने से छह वर्षीय मासूम की मौत, गांव में पसरा मातम


बक्सर । जिले के धनसोई थाना क्षेत्र अंतर्गत खीरी राजवाहा मार्ग पर परसिया गांव के समीप शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान परसिया गांव निवासी अजीत राम के छह वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आर्यन कुमार सड़क किनारे मौजूद था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक पिकअप वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल इलाज के लिए सासाराम ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।





मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। आर्यन की असमय मौत से पूरे परसिया गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार होने का प्रयास करने लगा। घटना से आक्रोशित स्थानीय युवकों ने बाइक से उसका पीछा किया। काफी दूरी तक पीछा करने के बाद दिनारा-बेलवईया के समीप पिकअप वाहन को पकड़ लिया गया। हालांकि चालक मौका देखकर वहां से फरार हो गया।

ग्रामीणों ने वाहन को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। लोगों ने प्रशासन से फरार चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

घटना के बाद ग्रामीणों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि गरीब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और प्रशासन को संवेदनशीलता दिखाते हुए हरसंभव सहायता उपलब्ध करानी चाहिए।





सूचना मिलते ही धनसोई थानाध्यक्ष विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति को सामान्य कराया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। दोषी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि खीरी राजवाहा मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने और तेज रफ्तार वाहन चालकों पर सख्ती बरतने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu