पटना/बक्सर । जन सुराज के पटना स्थित केंद्रीय कार्यालय में शनिवार को बक्सर जिला इकाई के पदाधिकारियों ने संगठन के सूत्रधार एवं प्रदेश अध्यक्ष से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान संगठन के विस्तार, आगामी रणनीतियों और जिला संगठन को मजबूत बनाने को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
बैठक के दौरान जन सुराज के जिला अध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने प्रशांत किशोर और मनोज भारती को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उन्होंने बक्सर की प्रसिद्ध पापड़ी भेंट कर उनका मुंह मीठा कराया और जिले की सांस्कृतिक पहचान से परिचित कराया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिला कार्यकारिणी सदस्यों की आधिकारिक सूची भी शीर्ष नेतृत्व को सौंपी। उन्होंने जिले में संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी की जानकारी भी दी।
बैठक में बक्सर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी तथागत हर्षवर्धन, शाहाबाद प्रभारी रवीन्द्र द्विवेदी, वरिष्ठ नेता धनजी पांडेय, अरविंद पांडेय तथा युवा जिला अध्यक्ष अजित सम्राट सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। नेताओं ने संगठन के विस्तार और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर विचार-विमर्श किया।
इस दौरान प्रशांत किशोर ने बक्सर जिला टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कार्यकर्ताओं से बिहार में व्यवस्था परिवर्तन के संकल्प को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया।
बैठक का समापन "जय बिहार, जय-जय बिहार" के नारों के साथ हुआ। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments