बक्सर । डुमरांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत केसठ प्रखंड के कतिकनार स्थित प्लस टू हाई स्कूल खेल मैदान में महादेवगंज प्रीमियर लीग के तत्वावधान में आयोजित डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि सांसद सुधाकर सिंह एवं डुमरांव विधायक राहुल सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
कार्यक्रम का संचालन एवं आयोजन जदयू प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव सिंह के नेतृत्व में किया गया। फाइनल मुकाबला किरनी और जीतवाडीह की टीमों के बीच खेला गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान पर उपस्थित रहे।
टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए जीतवाडीह की टीम ने निर्धारित छह ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 81 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी किरनी की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए चार ओवर पांच गेंद में दो विकेट खोकर 82 रन बना लिए और मैच अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ किरनी की टीम ने टूर्नामेंट की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
मैच के उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करता है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए इस प्रकार के आयोजनों की सराहना की।
वहीं विधायक राहुल सिंह ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
फाइनल मुकाबले के बाद विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया। आयोजन समिति की ओर से सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments