Ad Code

राजपुर में फिर जली यात्री बस, दो सप्ताह में दूसरी आगजनी से दहशत


बक्सर । जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में लगातार दूसरी बार यात्री बस में आगजनी की घटना सामने आने से पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। गुरुवार देर रात कटरिया गांव में अज्ञात असामाजिक तत्वों ने दरवाजे पर खड़ी एक यात्री बस को आग के हवाले कर दिया, जिससे बस पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार किशुनीपुर मड़निया गांव निवासी सुरेंद्र सिंह यादव की यात्री बस वर्षों से कटरिया-बक्सर रूट पर संचालित होती है। रोज की तरह गुरुवार शाम चालक ने बस को कटरिया गांव में खड़ा किया था। देर रात अचानक बस में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग पूरी बस को अपनी चपेट में ले चुकी थी। देखते ही देखते बस जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई।




स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते दो सप्ताह के भीतर बस जलाने की यह दूसरी घटना है। लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं से लोगों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। ग्रामीणों का मानना है कि इसके पीछे किसी पुरानी रंजिश या सुनियोजित साजिश की भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार एवं एसआई सुभाष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।






पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ दोषियों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लगातार दूसरी आगजनी की घटना के बाद क्षेत्र के बस संचालकों में भी चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu