बक्सर । जिले में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कभी तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है तो कभी अचानक बारिश के साथ तापमान में 10 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम के इस उतार-चढ़ाव का असर लोगों की दिनचर्या और स्वास्थ्य पर साफ दिखाई देने लगा है।
प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. राजेश मिश्रा ने बदलते मौसम को स्वास्थ्य के लिए चुनौतीपूर्ण बताते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि अचानक गर्मी और ठंड के बीच होने वाले बदलाव से सर्दी-खांसी, वायरल बुखार, डिहाइड्रेशन, एलर्जी तथा अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
डॉ. मिश्रा के अनुसार दिन में तेज धूप और सुबह-शाम अपेक्षाकृत ठंडे मौसम के कारण शरीर को तापमान के अनुरूप ढलने में कठिनाई होती है, जिससे रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कहा कि बच्चों, बुजुर्गों और पहले से किसी बीमारी से पीड़ित लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने की आवश्यकता है।
उन्होंने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। उनके अनुसार धूप में निकलते समय सिर को ढककर रखें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। मौसम के अनुरूप हल्के एवं सूती कपड़ों का उपयोग करें तथा सुबह और शाम की ठंड से बचाव के लिए हल्के गर्म कपड़े साथ रखें। इसके अलावा बासी और खुले खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें तथा शरीर में पानी की कमी न होने दें। उन्होंने ओआरएस और नींबू पानी के सेवन को भी लाभकारी बताया।
डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति में बुखार, सर्दी, खांसी, एलर्जी या अन्य स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखाई दें तो तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि बदलते मौसम में छोटी सी लापरवाही भी बड़ी बीमारी का कारण बन सकती है।
गौरतलब है कि डॉ. राजेश मिश्रा बक्सर और डुमरांव दोनों स्थानों पर अपनी चिकित्सा सेवाएं दे रहे हैं। वे उपचार के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता अभियानों के माध्यम से भी लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित करते रहते हैं।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments