बक्सर । जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सरेजा गांव स्थित एक गेहूं गोदाम में सोमवार की सुबह 12 वर्षीय किशोर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने कोचस-चौसा मुख्य सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। ग्रामीण मुआवजा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार सरेजा निवासी बेचन चौहान के 12 वर्षीय पुत्र बगेलू का शव गांव स्थित बृजमोहन राय के गेहूं गोदाम के अंदर मिला। सोमवार सुबह जब गोदाम का मुख्य गेट खोला गया तो अंदर किशोर का शव पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि उक्त गोदाम किराये पर दिया गया था और मृतक किशोर वहीं काम भी करता था। परिजनों के अनुसार रविवार को काम के दौरान वह हल्का चोटिल हो गया था। सोमवार सुबह उसका शव मिलने के बाद परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि किशोर की हत्या कर शव को गोदाम के अंदर फेंका गया। मृतक के चेहरे पर चोट के निशान होने की बात भी कही जा रही है।
घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा और बड़ी संख्या में लोग गोदाम के समीप सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की तथा मौके पर पुलिस अधीक्षक को बुलाने की मांग करने लगे।
सूचना मिलने पर राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने परिजनों को शांत कराया तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments