Ad Code

केंद्रीय कारा एवं महिला मंडल कारा बक्सर में व्यवसायिक प्रशिक्षण केंद्रों का उद्घाटन



बक्सर । गुरुवार को केंद्रीय कारा बक्सर एवं महिला मंडल कारा बक्सर में जन शिक्षण संस्थान बक्सर द्वारा व्यवसायिक प्रशिक्षण केंद्रों का उद्घाटन किया गया। संस्थान के फाउंडर चेयरमैन निर्मल कुमार सिंह ने दोनों प्रशिक्षण केंद्रों का शुभारंभ किया। केंद्रीय कारा बक्सर में कंप्यूटर व्यवसायिक प्रशिक्षण केंद्र तथा महिला मंडल कारा बक्सर में सॉफ्ट टॉयज व्यवसायिक प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत की गई।

कार्यक्रम केंद्रीय कारा बक्सर की अधीक्षक ज्ञानिता गौरव एवं महिला मंडल कारा बक्सर की अधीक्षक बबिता कुमारी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर बंदी प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए निर्मल कुमार सिंह ने कहा कि जन शिक्षण संस्थान का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक शिक्षा, कौशल और अवसर पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, शिक्षा और कौशल के माध्यम से जीवन को नई दिशा दी जा सकती है।


उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के हाथ में कौशल, मन में आत्मविश्वास और जीवन में उद्देश्य आ जाए, तो वह समाज के लिए सकारात्मक शक्ति बन सकता है। हर व्यक्ति को दूसरा अवसर मिलना चाहिए, क्योंकि शिक्षा और कौशल जीवन बदलने की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कारा प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल सुधारात्मक न्याय व्यवस्था को अधिक मानवीय और प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होगी।

निर्मल कुमार सिंह ने प्रशिक्षणार्थियों से सीखने और आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि वे स्वयं को इस प्रकार विकसित करें कि समाज एक दिन उन पर गर्व करे। उन्होंने भविष्य में भी कारागारों में अन्य रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण केंद्र संचालित करने की सहमति प्रदान की।

केंद्रीय कारा बक्सर की अधीक्षक ज्ञानिता गौरव ने कहा कि कारागार केवल दंड का स्थान नहीं, बल्कि आत्मसुधार एवं पुनर्निर्माण का केंद्र भी है। उन्होंने कहा कि कंप्यूटर प्रशिक्षण बंदियों को रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए तैयार करेगा और उन्हें आधुनिक समाज से जोड़ने में सहायक होगा।






वहीं महिला मंडल कारा बक्सर की अधीक्षक बबीता कुमारी ने कहा कि महिलाओं के लिए सॉफ्ट टॉयज प्रशिक्षण आत्मसम्मान एवं आर्थिक स्वावलंबन का माध्यम बनेगा। हस्तकला एवं रचनात्मकता महिलाओं की विशेष शक्ति है और यह प्रशिक्षण उन्हें नई पहचान देने में सहायक सिद्ध होगा।

कार्यक्रम में केंद्रीय कारा बक्सर के उपाधीक्षक राघवेंद्र सिंह, सहायक अधीक्षक रिंकी कुमारी, प्रधान लिपिक मास्टर कुणाल सहित जन शिक्षण संस्थान बक्सर के कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार सिंह, कुमार अविनाश, सहायक कार्यक्रम अधिकारी सुमन कुमारी, अजित कुमार तथा अनुदेशिका बिंदु कुमारी एवं श्रुति श्रीवास्तव उपस्थित रहे।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu