बक्सर । जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र अंतर्गत अरियांव गांव में बुधवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां अज्ञात हमलावर ने दरवाजा खोलते ही 15 वर्षीय किशोरी की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतका की पहचान श्वेता कुमारी (15 वर्ष), पिता बबलू उपाध्याय, निवासी अरियांव गांव के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय घर के सभी सदस्य विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान दरवाजे पर दस्तक हुई। श्वेता जैसे ही दरवाजा खोलने पहुंची, पहले से घात लगाए हमलावर ने उस पर गोली चला दी।
गोली लगते ही किशोरी ने जान बचाने के लिए घर के अंदर भागने का प्रयास किया, लेकिन गोली उसकी पीठ में जा लगी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। गोली की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। परिजनों के सामने ही किशोरी ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य, डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार, थानाध्यक्ष रवि कुमार एवं डुमरांव थानाध्यक्ष संजय सिन्हा सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मामले की जांच शुरू कर दी।
एसपी ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा देते हुए कहा कि जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है, वहीं फॉरेंसिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। इस निर्मम हत्या के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments