बक्सर । नगर थाना क्षेत्र के छोटकी सारिमपुर पुलिया घाट के समीप शुक्रवार को गंगा स्नान के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक बच्चे को स्थानीय लोगों की तत्परता से सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी और परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अहिरौली निवासी मनोज कुमार सिंह के पिता के निधन के बाद दसवें कर्म की धार्मिक प्रक्रिया गंगा घाट पर चल रही थी। मुंडन संस्कार के बाद परिवार के सदस्य गंगा स्नान कर रहे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे भी नदी में नहाने के लिए उतर गए। बताया जाता है कि स्नान के दौरान तीनों बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
बच्चों को डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों और परिजनों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल नदी में छलांग लगाकर बच्चों को बचाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद भदार निवासी अनिल सिंह के 12 वर्षीय पुत्र रतन सिंह को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि मनोज सिंह के 7 वर्षीय पुत्र रुद्र कुमार तथा मनियर निवासी 12 वर्षीय छोटू कुमार को बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से राहत एवं खोज अभियान शुरू कराया। काफी प्रयास के बाद गोताखोरों ने रुद्र कुमार का शव नदी से बरामद कर लिया। वहीं दूसरे बच्चे छोटू कुमार की तलाश देर शाम तक जारी रही।
इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घाट पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। पूरे इलाके में शोक और मातम का माहौल व्याप्त है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, खतरनाक स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने तथा स्नान स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments