बक्सर । जिले के अर्जुनपुर बांध स्थित हेरिटेज स्कूल के प्रांगण में विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास एवं सामान्य ज्ञान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ओपन सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता “प्रश्न मंजूषा” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में ज्ञान, उत्साह एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का अद्भुत समन्वय देखने को मिला।
कार्यक्रम के प्रस्तोता एवं क्विज मास्टर के रूप में प्रसिद्ध शिक्षाविद् अमर प्रसाद बरुआ ने अपनी रोचक शैली, ज्ञानवर्धक प्रश्नों एवं प्रभावशाली संचालन से कार्यक्रम को अत्यंत जीवंत एवं आकर्षक बना दिया। उनके प्रश्नों ने प्रतिभागियों की बौद्धिक क्षमता, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता एवं सामान्य ज्ञान की उत्कृष्ट परीक्षा ली।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बक्सर के जाने-माने चिकित्सक डॉ सी एम सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं अन्य गणमान्य अतिथियों में एपटेक के निदेशक एवं स्मृति कॉलेज बक्सर के संचालक डॉ रमेश राय, युवा समाजसेवी रामजी सिंह तथा प्रसिद्ध फिजिक्स शिक्षक मुन्ना पाण्डेय की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।
सभी अतिथियों ने “प्रश्न मंजूषा” जैसे ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, तार्किक क्षमता एवं समसामयिक ज्ञान के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम के सह-संचालक वरिष्ठ शिक्षक पुष्पेंदु मिश्रा रहे। ऑडियो-विजुअल संचालन की जिम्मेदारी विवेक चौधरी ने सफलतापूर्वक निभाई, जबकि आयोजन को सफल बनाने में अंकुर पाण्डेय, मनीष पाण्डेय, विश्वास वर्मा एवं विद्यालय के अन्य शिक्षकों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
विद्यालय के प्रेसिडेंट प्रेम कुमार पाठक एवं प्राचार्या डॉ सुषमा कुमारी ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अंत में विद्यालय के निदेशक डॉ प्रदीप कुमार पाठक ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम की सफलता में योगदान देने वाले सभी अतिथियों, शिक्षकों, सहयोगियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments