Ad Code

रहथुआ गांव में धूमधाम से मनाया जाएगा रामदेनी एवं देवकी ब्रह्मबाबा का वार्षिकोत्सव, 24 घंटे का होगा अखंड हरिकीर्तन



बक्सर । हर साल की भांति इस वर्ष भी ब्रह्मपुर प्रखंड के कांट पंचायत अंतर्गत रहथुआ गांव के पूरब टोला स्थित विख्यात श्री रामदेनी एवं देवकी ब्रह्मबाबा का वार्षिकोत्सव श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर पूजा समिति “किनवार राजपूत एकता मंच” द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


पूजा समिति के सदस्यों से मिली जानकारी के अनुसार आगामी 25 मई सोमवार को सुबह 8 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ 24 घंटे के अखंड हरिकीर्तन का शुभारंभ होगा। यह धार्मिक आयोजन ब्रह्मबाबा मंदिर प्रांगण में संपन्न कराया जाएगा। वहीं 26 मई को हवन-पूजन एवं पूर्णाहुति के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। इस अवसर पर भंडारे का भी आयोजन किया गया है, जिसमें साधु-संतों सहित सैकड़ों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।

आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाने में समस्त ग्रामवासियों का सहयोग सराहनीय है। पूजा समिति “किनवार राजपूत एकता मंच” के पदाधिकारी एवं सदस्य लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं। वहीं गांव के युवाओं की भूमिका भी काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।




धार्मिक अनुष्ठान में ब्रह्मपुर, डुमरांव, बक्सर समेत आसपास के कई गांवों से गणमान्य अतिथियों एवं श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। 24 घंटे के अखंड संकीर्तन में प्रसिद्ध कीर्तन गायक गोलु राय, रामध्यान पांडेय, कृष्णा राय, लोक गायक गुड्डू यादव एवं लोक गायक मिठू दुबे सहित यूपी-बिहार के कई नामचीन कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। कलाकारों की भक्ति संगीत से पूरा वातावरण भक्तिमय होने की उम्मीद जताई जा रही है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार श्री रामदेनी एवं देवकी ब्रह्मबाबा के प्रति पूरे गांव की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। लोगों का मानना है कि बाबा की विशेष कृपा रहथुआ गांव पर बनी रहती है। ग्रामीणों ने बताया कि गंगा दशहरा के अवसर पर वर्षों से अखंड हरिकीर्तन की परंपरा चली आ रही है, जो गांव की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान बन चुकी है। आयोजन समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।






................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu