बक्सर । जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत सोनबरसा पंचायत के दहीवर गांव स्थित वार्ड संख्या-05 में पेयजल पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पाइप लाइन में लीकेज होने के कारण कई दिनों से पानी लगातार बह रहा था, जिससे गलियों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
मामले को लेकर वार्ड निवासी एवं समाजसेवी पंकज सिंह ने विभागीय अधिकारियों से शिकायत कर तत्काल कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद शुक्रवार को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) की टीम गांव पहुंची और स्थल का निरीक्षण किया।
जांच टीम में सहायक अभियंता मिथिलेश कुमार, कनीय अभियंता शशिभूषण सहित विभागीय कर्मी शामिल रहे। अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से समस्या की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि पाइप लाइन कई दिनों से खराब पड़ी है, जिसके कारण बड़ी मात्रा में पानी की बर्बादी हो रही है। साथ ही गलियों में पानी बहने से लोगों को आने-जाने में भी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द मरम्मत कराने की मांग की।
विभागीय अधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त किया कि क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की मरम्मत शीघ्र कराई जाएगी, ताकि पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल हो सके और पानी की बर्बादी रोकी जा सके।
मौके पर समाजसेवी पंकज सिंह के अलावा सूर्यांशु सिंह, राजा बाबू, मुकेश कुमार, कालीचरण प्रसाद, भोला यादव, रंजीत कुमार उर्फ गुड्डू, राहुल राज, जीउत यादव, जगदीश सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments