- नवाचारों की चमक से जगमगाया डुमरांव डाएट परिसर, 101 शिक्षकों का हुआ भव्य सम्मान
- टीबीटी मंच के शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षा के नए प्रयोगों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
बक्सर । टीबीटी मंच "द बिहार हिस्ट्री मेकर्स" द्वारा गुरुवार को डुमरांव डाएट परिसर में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह शिक्षा, नवाचार और सांस्कृतिक ऊर्जा का अद्भुत संगम बन गया। कार्यक्रम में बक्सर सहित बिहार के विभिन्न जिलों से पहुंचे 101 नवाचारी शिक्षकों को सम्मानित किया गया। "कबाड़ से जुगाड़" थीम पर आधारित इस आयोजन ने शिक्षा में रचनात्मक प्रयोगों और तकनीकी नवाचारों की नई मिसाल पेश की।
समारोह के मुख्य अतिथि डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह तथा विशिष्ट अतिथि डुमरांव डाएट के प्रभारी प्राचार्य विवेक कुमार मौर्य रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों को मोमेंटो, पौधा एवं बैचलर टोपी भेंट कर सम्मानित किया गया।
टीबीटी मंच का उद्देश्य बिहार के सभी 38 जिलों के शिक्षकों को एक मंच पर जोड़कर शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, तकनीकी प्रयोग और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देना है। बक्सर इस श्रृंखला का 18वां जिला बना, जहां शिक्षकों ने अपने नवाचारी टीएलएम (टीचिंग लर्निंग मैटेरियल) प्रदर्शित कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
टीबीटी मंच के संस्थापक डॉ. कुमार गौरव ने कहा कि नवाचारी शिक्षक ही समाज और शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि बच्चों के लिए शिक्षा को रोचक, सरल और प्रभावी बनाने के लिए ऐसे प्रयोग बेहद आवश्यक हैं।
मुख्य अतिथि विधायक राहुल कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि शिक्षा को नई सोच, नई तकनीक और आधुनिक प्रणाली से जोड़ने वाला प्रेरणादायी मंच है। वहीं प्राचार्य विवेक कुमार मौर्य ने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन शिक्षकों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करते हैं।
कार्यक्रम में आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। गणेश वंदना, स्वागत गीत, अभियान गीत, छठ गीत और लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत नाटक "अधूरी दहलीज" ने दहेज प्रथा की भयावहता को प्रभावशाली ढंग से मंचित कर सामाजिक संदेश दिया। वहीं भक्ति गीतों से सजी कव्वाली प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही।
पटना प्रमंडल से पहुंचीं बबीता जी ने कहा कि बक्सर ज्ञान और प्रतिभा की भूमि है, जहां शिक्षकों की प्रस्तुतियां अत्यंत प्रेरणादायी रहीं। रोहतास से आईं ममता कुमारी एवं पटना प्रमंडल के शैलेश कुमार ने भी कार्यक्रम की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष स्नेह लता सिंह ने की। मीडिया प्रभारी सोनम कुमारी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में अमित राय, शैलेंद्र राय, पूजा ओझा, श्वेता कुमारी, रेणु कुमारी, प्रीति राय, प्रतिची चतुर्वेदी, प्रियंका कुमारी एवं मंजू कुमारी सहित कई शिक्षकों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का संचालन पूजा ओझा, डॉ. ज्योत्सना सिंह, दिलीप कुमार एवं कंचन सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...


















0 Comments