Ad Code

बलिया–आरा रेल परियोजना में रघुनाथपुर एलाइनमेंट को मिली रफ्तार, विधायक आनंद मिश्रा के प्रस्ताव पर रेल मंत्रालय का सकारात्मक संकेत


- रेल मंत्री ने जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का दिया आश्वासन, क्षेत्र में जगी नई उम्मीद

बक्सर । बलिया–आरा प्रस्तावित नई रेल लाइन के एलाइनमेंट को लेकर क्षेत्र में लंबे समय से चल रही मांग को अब नई गति मिलती दिखाई दे रही है। प्रस्तावित रेल मार्ग को जगजीवन हॉल्ट के बजाय रघुनाथपुर स्टेशन से जोड़ने के संबंध में बक्सर विधायक आनंद मिश्रा द्वारा केंद्रीय रेल मंत्री को भेजे गए प्रस्ताव पर रेल मंत्रालय ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।

विधायक आनंद मिश्रा ने केंद्रीय रेल मंत्री को भेजे अपने विस्तृत पत्र में बलिया–आरा नई रेल लाइन का एलाइनमेंट रघुनाथपुर स्टेशन से किए जाने की मांग के साथ-साथ बक्सर रेलवे स्टेशन पर पिट लाइन एवं वाशिंग कॉम्प्लेक्स की स्थापना, महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव तथा नई ट्रेनों के परिचालन की भी मांग की थी। इस पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जवाब देते हुए कहा है कि प्राप्त प्रस्ताव की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

रेल मंत्रालय की इस प्रतिक्रिया के बाद क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है। लंबे समय से स्थानीय नागरिक, सामाजिक संगठन और जनप्रतिनिधि बलिया–रघुनाथपुर–आरा एलाइनमेंट को अधिक व्यावहारिक और जनहितकारी विकल्प बताते हुए इसकी पैरवी कर रहे हैं।

इस अभियान को आगे बढ़ाने में रेल यात्री कल्याण समिति, दानापुर मंडल के महामंत्री एवं सामाजिक कार्यकर्ता शैलेश कुमार ओझा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके लगातार प्रयासों के बाद डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह, बक्सर विधायक आनंद मिश्रा तथा ब्रह्मपुर विधायक शंभूनाथ यादव ने भी रेल मंत्रालय को इस संबंध में प्रस्ताव भेजा है। शैलेश कुमार ओझा ने स्वयं प्रधानमंत्री कार्यालय और रेल मंत्रालय को विस्तृत सुझाव भेजकर रघुनाथपुर एलाइनमेंट की वकालत की थी।



प्रस्ताव में उल्लेख किया गया है कि नई दिल्ली–हावड़ा मुख्य रेलखंड पर स्थित रघुनाथपुर स्टेशन बक्सर और भोजपुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए एक प्रमुख रेलवे केंद्र के रूप में विकसित हो सकता है। इससे दोनों जिलों के लाखों लोगों को बेहतर रेल संपर्क का लाभ मिलेगा।

धार्मिक और पर्यटन दृष्टिकोण से भी इस एलाइनमेंट को महत्वपूर्ण बताया गया है। रघुनाथपुर स्थित बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर और बलिया के बाबा भृगुनाथ धाम के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होने से श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी तथा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

तकनीकी रूप से भी रघुनाथपुर एलाइनमेंट को अधिक उपयुक्त माना जा रहा है। प्रस्ताव के अनुसार वर्तमान संभावित एलाइनमेंट का बड़ा हिस्सा दलदली और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से होकर गुजरता है, जिससे निर्माण कार्य जटिल और महंगा हो सकता है। वहीं रघुनाथपुर मार्ग अपेक्षाकृत स्थिर, कम दूरी वाला और लागत की दृष्टि से अधिक लाभकारी विकल्प बताया गया है। अनुमान है कि इस एलाइनमेंट से परियोजना की लंबाई लगभग 61 किलोमीटर से घटकर 35 किलोमीटर रह सकती है, जिससे भूमि अधिग्रहण, निर्माण लागत और समय में उल्लेखनीय कमी संभव होगी।





रघुनाथपुर स्टेशन पहले से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किया जा रहा है। ऐसे में रेलवे को अतिरिक्त आधारभूत संरचना पर अलग से अधिक खर्च नहीं करना पड़ेगा, जिससे यह विकल्प आर्थिक रूप से भी बेहतर माना जा रहा है।

प्रस्ताव में यह भी कहा गया है कि रघुनाथपुर और आसपास का क्षेत्र तेजी से औद्योगिक विकास की ओर बढ़ रहा है। जेके सीमेंट प्लांट तथा नवानगर स्थित कोका-कोला प्लांट जैसे बड़े उद्योगों की मौजूदगी भविष्य में इस रेल परियोजना की उपयोगिता और बढ़ा सकती है।

रेलवे युवा संघर्ष समिति और रेल यात्री कल्याण समिति से जुड़े कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने रेल मंत्रालय और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि रघुनाथपुर एलाइनमेंट को स्वीकृति मिलती है, तो बलिया, बक्सर, भोजपुर तथा दियारा क्षेत्र के विकास को नई दिशा और गति मिलेगी।








................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...




Post a Comment

0 Comments

Close Menu