Ad Code

आरा-बक्सर MLC उपचुनाव में सियासी संग्राम तेज, राधाचरण साह की सीट पर बेटे को NDA का टिकट, राजद ने सोनू राय पर जताया भरोसा



बक्सर । आरा-बक्सर स्थानीय प्राधिकार क्षेत्र से बिहार विधान परिषद (MLC) उपचुनाव की घोषणा होते ही राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। एनडीए और महागठबंधन दोनों ने अपने-अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है।


राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से इस सीट के लिए सोनू कुमार राय को उम्मीदवार बनाया गया है। उनकी उम्मीदवारी पर राजद सांसद सुधाकर सिंह ने बधाई देते हुए जीत की शुभकामनाएं दी हैं। सोनू राय भोजपुर जिले में राजद के सक्रिय नेता माने जाते हैं। उनके पिता लालदास राय भी पूर्व में एमएलसी रह चुके हैं, जिससे उन्हें राजनीतिक अनुभव का पारिवारिक आधार भी प्राप्त है।

यह सीट जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता राधाचरण साह के विधायक बनने के बाद खाली हुई थी। अब एनडीए ने इस सीट से राधाचरण साह के बड़े पुत्र कन्हैया प्रसाद गुप्ता को प्रत्याशी घोषित किया है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वयं उन्हें टिकट सौंपा है।




कन्हैया प्रसाद गुप्ता को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद एनडीए समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बक्सर जिले के बलिहार गांव निवासी चर्चित समाजसेवी मुरली सिंह के पुत्र पंकज सिंह ने कन्हैया प्रसाद को फूल-माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर अग्रिम जीत की बधाई दी।

पंकज सिंह ने कहा कि क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए कन्हैया प्रसाद गुप्ता की जीत बेहद जरूरी है। उन्होंने भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए प्रत्याशी को जनता का भरपूर समर्थन मिलेगा।

दोनों प्रमुख गठबंधनों द्वारा प्रत्याशी घोषित किए जाने के साथ ही आरा-बक्सर क्षेत्र में चुनावी मुकाबला रोचक होने की उम्मीद है। अब देखना यह होगा कि जनता किसे अपना प्रतिनिधि चुनती है।







................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे, 
आपकी खबर को सही जगह तक...





 




Post a Comment

0 Comments

Close Menu