बक्सर । रविवार को महर्षि विश्वामित्र विश्वविद्यालय के प्रांगण स्थित मानस भवन में डाक विभाग, बक्सर मंडल द्वारा “समर्पण सम्मान समारोह” का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभाग के विभिन्न शाखा डाकघरों एवं इकाइयों में कार्यरत उन कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने उत्कृष्ट कार्य, लक्ष्य प्राप्ति एवं जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पवन कुमार (निदेशक डाक सेवाएं, बिहार सर्किल, पटना) उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि डाक विभाग देश की सबसे पुरानी और विश्वसनीय सेवा संस्थाओं में से एक है, जिसकी मजबूती उसके कर्मियों की ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण पर आधारित है। उन्होंने कहा कि विभाग अब पारंपरिक सेवाओं से आगे बढ़ते हुए बैंकिंग, बीमा, डिजिटल सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक अपनी पहुंच बना रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कुमारी सरिता (डाक अधीक्षक, बक्सर मंडल) ने की। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में बक्सर डिवीजन ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। डिवीजन को 84,500 बचत खाते खोलने का लक्ष्य मिला था, जिसके विरुद्ध 1,26,734 नए खाते खोलकर लक्ष्य से कहीं अधिक उपलब्धि प्राप्त की गई। वहीं 34,569 खातों के बंद होने के बावजूद 92,165 खातों की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई, जो विभाग के प्रति बढ़ते जनविश्वास को दर्शाता है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि बक्सर का प्रधान डाकघर आम जनता की सुविधा के लिए सुबह 8:00 बजे से शाम 8:00 बजे तक बुकिंग सेवाएं प्रदान कर रहा है। यहां पासपोर्ट सेवा केंद्र और आधार नामांकन एवं अद्यतन केंद्र भी सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं। इसके अलावा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाएं सुलभ कराई जा रही हैं।
समारोह में विभिन्न शाखा डाकघरों के कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, नवाचार, लक्ष्य प्राप्ति और जनसेवा के प्रति समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने विभाग की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित एवं अनुशासित ढंग से किया गया। अंत में सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन किया गया। इस अवसर पर नवीन कुमार (सहायक डाक अधीक्षक), रंजीत कुमार (डाक निरीक्षक), मनीष कुमार (डाक निरीक्षक), आदित्य राज, प्रेम कुमार (पोस्टमास्टर) सहित कई कर्मचारी उपस्थित रहे।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments