बक्सर । यात्री सुरक्षा अभियान के तहत स्थानीय रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेनों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो शातिर अपराधियों को अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से चोरी के मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है।
शनिवार को आरपीएफ बक्सर की टीम ने स्टेशन परिसर से एक संदिग्ध को पकड़कर पूछताछ की। उसने अपना नाम साधु डोम (32 वर्ष), पिता लाल मोहर डोम, निवासी ढकैच, थाना कृष्णब्रह्म, जिला बक्सर बताया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि ट्रेन संख्या 15125 में एक यात्री का मोबाइल फोन और नकदी चोरी की थी। तलाशी के दौरान उसके पास से एक एंड्रॉइड मोबाइल और 730 रुपये बरामद किए गए।
इसके पूर्व 8 अप्रैल 2026 को आरपीएफ टास्क टीम ने ट्रेन संख्या 12142 के जनरल कोच में कार्रवाई करते हुए चोरी कर भागने की कोशिश कर रहे एक अन्य अपराधी को गिरफ्तार किया था। उसकी पहचान किशोर (31 वर्ष), पिता परमपत, निवासी रेवतीपुर, थाना सुवहल, जिला गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से एक एंड्रॉइड फोन, दो कीपैड मोबाइल, 6400 रुपये नकद और एक आधार कार्ड बरामद किया गया।
आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक कुंदन कुमार ने बताया कि दोनों आरोपी ट्रेनों के जनरल कोच में भीड़ का फायदा उठाकर यात्रियों के सामान की चोरी करते थे। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है और उनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल को दें, ताकि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments