बक्सर । शुक्रवार को अनुमंडल कार्यालय बक्सर में अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में कृषि टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल कृषि पदाधिकारी सहित सभी कृषि समन्वयक मौजूद रहे।
बैठक में पराली जलाने पर रोक, हार्वेस्टर से कटाई का नियमन, गर्मी के मौसम में अगलगी की घटनाओं की रोकथाम तथा अन्य कृषि संबंधी मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने क्षेत्र में किसानों को होने वाली समस्याओं की जानकारी ली और समाधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अनुमंडल पदाधिकारी ने कृषि समन्वयकों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में किसानों को पराली जलाने से रोकें और इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। साथ ही बताया गया कि सभी हार्वेस्टर मशीनों का निबंधन अनिवार्य है तथा उनके फिटनेस की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए, क्योंकि लापरवाही से आग लगने की घटनाएं हो सकती हैं।
हार्वेस्टर चालकों के सत्यापन पर भी जोर दिया गया। निर्देश दिया गया कि चालक दक्ष एवं प्रशिक्षित हों, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
बैठक में सभी थानाध्यक्षों को रात्रि गश्ती बढ़ाने के निर्देश दिए गए, जिससे असामाजिक तत्वों द्वारा फसलों में आग लगाने की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। “रोको-टोको” अभियान चलाकर खेतों में बीड़ी-सिगरेट फेंकने वालों पर निगरानी रखने और पकड़े जाने पर प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए।
अग्निशमन पदाधिकारी को फसल कटनी के दौरान फायर एक्सटिंग्विशर को तैयार रखने का निर्देश दिया गया। वहीं सभी कृषि सलाहकारों व कर्मियों को अग्निशमन विभाग, विद्युत विभाग एवं स्थानीय थानों के अधिकारियों के मोबाइल नंबर अपने पास रखने को अनिवार्य किया गया। बैठक को खेती-किसानी के दौरान सुरक्षा और जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments