बक्सर । जिला समादेष्टा कार्यालय, बक्सर परिसर में मंगलवार को एक भावपूर्ण एवं गरिमामय विदाई-सह-स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला अग्निशमन कार्यालय बक्सर में जिला अग्निशमन पदाधिकारी विनोद कुमार यादव के बक्सर से बेगूसराय स्थानांतरण के अवसर पर आयोजित किया गया।
समारोह के दौरान अधिकारियों और कर्मियों ने श्री यादव के कार्यकाल को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की। अपने सरल स्वभाव, कुशल नेतृत्व, कर्तव्यनिष्ठा और कर्मियों के प्रति आत्मीय व्यवहार के कारण उन्होंने विभाग में एक विशेष पहचान बनाई। उनके नेतृत्व में विभागीय अनुशासन, आपदा प्रबंधन क्षमता तथा जनसेवा की भावना को नई दिशा मिली।
इस अवसर पर अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी एवं शिखा कुमारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने श्री यादव के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और नई पदस्थापना स्थल पर सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ दीं।
इसी क्रम में नवपदस्थापित जिला अग्निशमन पदाधिकारी सुभाष सिंह का भी गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। अधिकारियों और कर्मियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया और विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में बक्सर जिला अग्निशमन सेवा और सशक्त होगी।
कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ और यह समारोह विभागीय एकता, पारस्परिक सम्मान और परिवार जैसी आत्मीयता का प्रतीक बनकर सभी के लिए स्मरणीय रहा।
................. ................. ............... ..............
Send us news at: buxaronlinenews@gmail.com
ख़बरें भेजें और हम पहुंचाएंगे,
आपकी खबर को सही जगह तक...
















0 Comments